नोएडा: अरावली को 10-5.5 से हराकर जिन्दल पैंथर ने जीता 2026 का खिताब
जिन्दल पैंथर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिन्दल पैंथर शील्ड 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। शनिवार को नोएडा स्थित जिन्दल पोलो एस्टेट में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में जिन्दल पैंथर ने अरावली को 10–5.5 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पूरे मैच में जिन्दल पैंथर के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, आक्रामक खेल और जीत के जज्बे का प्रदर्शन किया। जिन्दल पैंथर की जीत में सिमरन शेरगिल और सिद्धांत शर्मा ने चार-चार गोल कर अहम भूमिका निभाई। दोनों खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए अपनी टीम को मजबूत बढ़त दिलाई। टीम के संरक्षक नवीन जिन्दल ने भी दो महत्वपूर्ण गोल कर टीम की जीत में योगदान दिया। वहीं, बेहतरीन प्रदर्शन के लिए गौरव सहगल को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर) चुना गया। उपविजेता रही अरावली टीम की ओर से अंगद कलान, नॉडी, जे.एम. जुरी और दीपु ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। हालांकि, जिन्दल पैंथर के आक्रामक खेल के सामने अरावली की टीम 4.5 गोल के अंतर से मुकाबला हार गई। चैंपियनशिप जीतने पर खुशी जताते हुए जिन्दल पैंथर टीम के संरक्षक नवीन जिन्दल ने कहा, "जिन्दल पैंथर शील्ड जीतना हमारी पूरी टीम के लिए गर्व और खुशी का अवसर है। मैं अपने सभी खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देता हूं। साथ ही, टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी टीमों की भी सराहना करता हूं, जिन्होंने अपने बेहतरीन खेल से मुकाबलों को रोमांचक बनाया। पोलो एक शानदार खेल है, जिसमें साहस, कौशल, अनुशासन और टीम भावना का अनूठा मेल देखने को मिलता है। हमें उम्मीद है कि वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों में पोलो की वापसी होगी और इस ऐतिहासिक खेल को दुनिया भर में नई पहचान मिलेगी। भारत में पोलो की समृद्ध परंपरा रही है। हमारा प्रयास है कि इस खेल को और लोकप्रिय बनाया जाए तथा अधिक से अधिक युवाओं को इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाए। नोएडा स्थित जिन्दल पोलो एस्टेट खेल प्रेमियों और परिवारों का स्वागत करता है। मैं सभी खेल प्रेमियों को आमंत्रित करता हूं कि वे यहां आएं, पोलो के रोमांचक मुकाबले देखें और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं। हम चाहते हैं कि पोलो केवल कुछ लोगों तक सीमित न रहे, बल्कि अधिक से अधिक लोग इस खेल से जुड़ें।"
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 24, 2026, 16:04 IST
नोएडा: अरावली को 10-5.5 से हराकर जिन्दल पैंथर ने जीता 2026 का खिताब #SubahSamachar
