झांसी: पूंछ में कीटनाशक दुकान में शार्ट सर्किट से लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख
पूंछ कस्बा में सोमवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बस स्टैंड के पास स्थित एक कीटनाशक एवं खाद की दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि दुकान के साथ-साथ उससे जुड़े गोदाम में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, वहीं आग बुझाने के लिए मोंठ से फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जानकारी के अनुसार कस्बा पूंछ के बस स्टैंड क्षेत्र में अतर सिंह लल्ला के मार्केट में कस्बा निवासी सुलेमान खान की कीटनाशक एवं खाद की दुकान है। दुकान में डीएपी, यूरिया खाद सहित फसलों में प्रयोग होने वाली विभिन्न कीटनाशक दवाइयां रखी हुई थीं। सोमवार रात करीब 9:30 बजे दुकान से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। इसकी जानकारी मिलने पर सुलेमान खान तुरंत मौके पर पहुंचे तो देखा कि दुकान के अंदर आग लगी हुई है। उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन ज्वलनशील कीटनाशक सामग्री होने के कारण आग और अधिक विकराल हो गई। कुछ ही देर में आग ने गोदाम को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना पर आसपास के ग्रामीण, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त प्रयास से आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, तब तक दुकान और गोदाम में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। दुकान मालिक सुलेमान खान ने बताया कि आग से कीटनाशक दवाइयां, खाद और अन्य कृषि सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई है, जिससे उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना का कारण प्रथम दृष्टया बिजली का शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग लगने की घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jan 06, 2026, 11:02 IST
झांसी: पूंछ में कीटनाशक दुकान में शार्ट सर्किट से लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख #SubahSamachar
