सिलिंडर लेने आए युवक को एजेंसी कर्मियों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, वीडियो वायरल, पुलिस ने आठ पर की शांतिभंग की कार्रवाई
सिलिंडर लेने आए युवक को कर्मचारियों ने घेरकर लात-घूंसों से बुरी तरह मारा। युवक के बाहर भागने पर कर्मचारियों ने बाहर भी दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस ने हंगामा एवं शांति भंग के आरोप में आठ लोगों का चालान किया। मढ़िया मोहल्ला निवासी रिटायर्ड नर्स क्रांति देवी का जमुना गैस एजेंसी में कनेक्शन है। मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे क्रांति देवी का बेटा गगन पटेल सिलिंडर लेने पहुंचा। एजेंसी पर गगन ने बताया कि 7 अप्रैल की बुकिंग है। अभी तक उसके घर सिलिंडर नहीं आया। उसे अब जरूरत है। एजेंसी पर मौजूद नीरज एवं मनीष ने कहा कि गाड़ी न आने से सिलिंडर नहीं मिल सकता। इस बात पर दोनों में कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तब तक एजेंसी के अन्य कर्मचारी भी जुट गए। उन लोगों ने उसे ताबड़तोड़ कई थप्पड़ जड़ दिए। उसे लात-घूंसों से मारने लगे। गगन बचने के लिए बाहर भागा। नीरज, मनीष, राहुल यादव, अमन श्रीवास्तव, बीटू खटीक आदि ने उसे बाहर भी दौड़ा-दौड़ाकर मारा। गगन से मारपीट की सूचना पर उसके दोस्त भी पहुंच गए। आरोप है कि गगन ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर कर्मचारियों को पीटा। कोतवाली प्रभारी विद्यासागर सिंह भी पहुंच गए। यहां से राहुल यादव, नीरज खटीक, मनीष शिवहरे, अमर श्रीवास्तव, बीटू खटीक समेत गगन पटेल, उसके दोस्त पीयूष श्रीवास्तव एवं सोनू साहू को पकड़कर कोतवाली लाई। कोतवाल विद्यासागर सिंह के मुताबिक आठों का शांति भंग में चालान कर दिया गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 15, 2026, 08:03 IST
सिलिंडर लेने आए युवक को एजेंसी कर्मियों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, वीडियो वायरल, पुलिस ने आठ पर की शांतिभंग की कार्रवाई #SubahSamachar
