हिसार में 6 हजार बुजुर्गाें की पेंशन काटे जाने के विरोध में लघु सचिवालय पर पगड़ी संभाल जट्टा समिति ने दिया धरना
जिले में करीब 6 हजार बुजुर्गाें की पेंशन काटे जाने के विरोध में पगड़ी संभाल जट्टा समिति ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के बाहर सांकेतिक धरना दिया। समिति के सदस्यों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। सीएम के नाम ज्ञापन देकर सभी बुजुर्गाें का सम्मान भत्त्ता बहाल करने की मांग उठाई। समिति के सदस्य अनिल गाेरछी ने कहा कि बिजली के बिल, फसल बेचने ,जमीन के आधार पर बुजुर्गों तथा विधवा महिलाओं की पेंशन काटी जा रही है। प्रदेश में करीब 72 हजार लोगों की पेंशन काटी गई है। जिले में लगभग 6 हजार से अधिक बुजुर्गाें की पेंशन छोटे छोटे कारण बता कर काट दी गई है। रोजाना सैंकडों बुजुर्ग दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं। जिनकी किसी तरह की सुनवाई नहीं हो रही। एक तरफ देश के सांसदों- विधायकों की पेंशन लगातार बढ़ाई जा रही है। विधायक- सांसद 5 -5 पेंशन ले रहे हैं। लाखों रुपये के भत्ते ले रहे हैं लेकिन उनकी पेंशन पर कोई बोलने वाला नहीं। बुजुर्गाें की 3200 रुपये पेंशन सरकार को भारी पड़ रही है। सभी बुजुर्गाें की पेंशन तुरंत प्रभाव से बहाल की जाए। पेंशन का आधार आय नहीं होना चाहिए। 60 साल से अधिक आयु के हर एक व्यक्ति को सम्मान भत्ता मिलना चाहिए। इसका नाम सम्मान भत्ता है तो इसमें आर्थिक आधार क्यों जोड़ा जा रहा है। सम्मान तो सभी को बराबर मिलना चाहिए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 06, 2026, 14:45 IST
हिसार में 6 हजार बुजुर्गाें की पेंशन काटे जाने के विरोध में लघु सचिवालय पर पगड़ी संभाल जट्टा समिति ने दिया धरना #SubahSamachar
