करनाल: शिक्षा विभाग की पहल, घर से दो किलोमीटर दूर है स्कूल तो निशुल्क मिलेगी साइकिल
राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले ऐसे विद्यार्थी जिनका घर स्कूल से दो किलोमीटर की दूरी पर है, उन्हें शिक्षा विभाग की ओर से निशुल्क साइकिल दी जाएगी। शिक्षा विभाग की ओर से मेरी पसंद मेरी साइकिल योजना के तहत विशेष तौर पर दो दिवसीय साइकिल मेले का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को सेक्टर-13 के राजकीय कन्या उच्च विद्यालय के मैदान में मेले का आयोजन हुआ। पहले दिन 160 विद्यार्थियों ने पहुंचकर साइकिल बुक कराई। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं स्काउट व गाइड के जिला संगठन आयुक्त सियाराम शास्त्री ने बताया कि योजना का लाभ केवल अनुसूचित जाति के विद्यार्थी ही उठा सकते हैं। इस बार साइकिल मेला विभाग के निर्देश पर केवल राजकीय विद्यालयों के छठी कक्षा के विद्यार्थियों के लिए ही आयोजित किया जा रहा है। जिले के सभी पांचों खंडों के विद्यार्थी मेले में आकर साइकिल पसंद कर सकें, इसके लिए सभी खंडों के लिए मेले में पहुंचने का अलग-अलग शेड्यूल बनाया गया है। सरकार ने मेरी पसंद मेरी साइकिल के तहत बच्चों को साइकिल देने की योजना बनाई है। मेले में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी ही हिस्सा ले सकते हैं। योजना के तहत उन्हीं बच्चों को साइकिल दी जाएगी जिनका घर स्कूल से दो किलोमीटर या इससे अधिक दूरी पर है। ब्यूरो निर्धारित रेट से महंगी साइकिल पर खुद देनी होगी पेमेंट मेले में दो साइकिल विक्रेता फर्म आएंगी। जो अलग-अलग साइकिल के मॉडल प्रदर्शित करेंगे। विद्यार्थी इन मॉडल में अपनी पसंद के साइकिल को बुक करा सकते हैं। विभाग की ओर से राशि जारी करने के बाद विद्यार्थियों को साइकिल की डिलिवरी दी जाएगी। विभाग की ओर से विद्यार्थियों को 20 इंच की साइकिल का मूल्य 2800 रुपये व 22 इंच की साइकिल का मूल्य 3000 रुपये जीएसटी सहित देना तय है। यानी इस रेट से महंगी साइकिल पसंद करने या खरीदने पर बाकी की कीमत अभिभावकों को खुद वहन करनी होगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 17, 2025, 18:05 IST
करनाल: शिक्षा विभाग की पहल, घर से दो किलोमीटर दूर है स्कूल तो निशुल्क मिलेगी साइकिल #SubahSamachar
