Video: नोगवैली में देवता टरु नारायण मंदिर की हुई प्राण प्रतिष्ठा, उमड़े सैकड़ों लोग

नोगवैली में बीते दिसंबर में आग की भेंट चढ़ा देवता टरु नारायण का नवनिर्मित मंदिर बनकर तैयार हो गया है। गुरुवार को देव परंपराओं के साथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। क्षेत्र के आराध्य देवता साहिब दमुख की उपस्थिति में यह धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में दशोटी क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। नोग वैली में साढ़े सात हजार की फीट की ऊंचाई पर बाहली स्थित देवता टरु नारायण का करीब तीन लाख रुपये की लागत से जीर्णोद्धार किया गया है। गुरुवार को टरु नारायण मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा मंत्रोच्चारण और विधि विधान के साथ दोपहर को संपन्न हुई। इससे पूर्व बुधवार को देवता साहिब की उपस्थिति में बेर शांति की विधिवत स्थापना की गई थी। वाद्य यंत्रों की धुनों पर गुरुवार सुबह 11:00 बजे मंदिर की प्रतिष्ठा कार्यक्रम धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए शुरू किया गया। देवता के गुर और कार कारिंदों ने देव परंपरा की रस्म निभाते हुए मंदिर की शिखा पर पंडितों के मंत्रोच्चारण के साथ कलश स्थापना की। उसके बाद कार्यक्रम को धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए पूर्णाहुति दी गई। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल श्रद्धालुओं को प्रसाद ग्रहण कराने के बाद सैकड़ों लोगों ने भंडारे का प्रसाद चखा और देवता से सुख समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। बीते वर्ष दिसंबर में जंगल में भड़की आग की चपेट में देवता टरु नारायण का मंदिर आ गया था और मंदिर को काफी क्षति पहुंची थी। इसके बाद परशुराम मंदिर समिति की ओर से मंदिर का पुनः: जीर्णोद्धार किया गया। करीब तीन माह के भीतर मंदिर समिति ने तीन लाख रुपये की लागत से मंदिर का जीर्णोद्धार किया। वीरवार को देव विदाई के साथ यह धार्मिक कार्यक्रम समाप्त हुआ। परशुराम मंदिर समिति प्रधान खेलचंद नेगी, उपप्रधान गौरीदत्त नेगी, महासचिव जीएल डमालू, कोषाध्यक्ष दुर्गादत्त शर्मा ने बताया कि मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने उपस्थिति दर्ज करवाई। उन्होंने इस धार्मिक अनुष्ठान को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए मंदिर कार कारिंदों और ग्रामीणों का आभार जताया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 16, 2026, 15:15 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Video: नोगवैली में देवता टरु नारायण मंदिर की हुई प्राण प्रतिष्ठा, उमड़े सैकड़ों लोग #SubahSamachar