Bilaspur: सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बेटियों को जरूर लगवाएं HPV टीका, अभिभावकों से आगे आने की अपील
झंडूता स्वास्थ्य खंड में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान के तहत पात्र बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीका लगाया जा रहा है। हालांकि अब तक निर्धारित लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से आगे आकर अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण करवाने की अपील की है। खंड चिकित्सा अधिकारी झंडूता डॉ. अतुल भारद्वाज ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले सबसे आम कैंसरों में से एक है। भारत में हर वर्ष करीब 1.2 से 1.3 लाख नए मामले सामने आते हैं, जबकि 75 से 80 हजार महिलाओं की इस बीमारी से मौत हो जाती है। उन्होंने कहा कि इस बीमारी का प्रमुख कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण है और समय पर लगाया गया टीका इससे प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी लेकिन 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाएं इस टीकाकरण के लिए पात्र हैं। विशेष अभियान के तहत 15 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद भी अतिरिक्त 90 दिनों तक टीका लगवाने की सुविधा दी गई है, ताकि कोई भी पात्र बालिका इससे वंचित न रहे। डॉ. भारद्वाज ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन की केवल एक खुराक दी जाती है, जो सर्वाइकल कैंसर से 90 से 95 प्रतिशत तक सुरक्षा प्रदान करती है। यह टीका राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थाओं से अनुमोदित है तथा दुनिया भर में करोड़ों लोगों को लगाया जा चुका है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें। टीकाकरण के बाद हल्का बुखार या इंजेक्शन वाली जगह पर हल्का दर्द जैसी सामान्य प्रतिक्रियाएं हो सकती हैं, जो कुछ समय में स्वतः ठीक हो जाती हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 24, 2026, 11:13 IST
Bilaspur: सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बेटियों को जरूर लगवाएं HPV टीका, अभिभावकों से आगे आने की अपील #SubahSamachar
