रेवाड़ी में सर्वाइकल कैंसर से बचाव को एचपीवी वैक्सीन महाअभियान शुरू

नागरिक अस्पताल में किशोरियों को सुरक्षा कवच देने के उद्देश्य से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन महाअभियान का शुभारंभ किया गया। शनिवार को बड़ी संख्या में किशोरियां अस्पताल पहुंचीं। सबसे पहले उन्होंने यू-विन पोर्टल पर पंजीकरण कराया और इसके बाद टीका लगवाया। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में कैंसर से होने वाली मौतों में दूसरे स्थान पर रहने वाले सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) को जड़ से खत्म करना है। 10 हजार किशोरियों को लगाने का लक्ष्य नोडल अधिकारी डॉ. भंवर सिंह ने बताया कि जिले में 10 हजार किशोरियों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पहले चरण में विभाग को 2 हजार डोज प्राप्त हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि निजी अस्पतालों में यह वैक्सीन करीब 4 हजार रुपये में लगती है, जबकि सरकारी अस्पताल में इसे पूरी तरह निशुल्क लगाया जा रहा है। 14 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियां होंगी लाभान्वित उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन विशेष रूप से उन किशोरियों के लिए है, जिन्होंने 14 वर्ष पूरे कर लिए हैं, लेकिन अभी 15वां जन्मदिन नहीं मनाया है। टीकाकरण के लिए आधार कार्ड सहित कोई भी वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए टीकाकरण का पूरा रिकॉर्ड यू-विन पोर्टल पर अपडेट किया जाएगा। पहले चरण में नागरिक अस्पताल में टीकाकरण फिलहाल यह टीकाकरण अभियान नागरिक अस्पताल में सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलाया जाएगा। अगले चरण में ब्लॉक स्तर पर सीएचसी और पीएचसी में भी यह वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने 90 दिनों के भीतर लक्ष्य पूरा करने का संकल्प लिया है। नियमित टीकाकरण में होगा शामिल डॉक्टरों का कहना है कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए यह टीका सबसे प्रभावी उपाय है। वैक्सीन लगने से कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। तीन महीने बाद इसे नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में भी शामिल कर लिया जाएगा। नागरिक अस्पताल में एचपीवी वैक्सीन महाअभियान शुरू किया गया है। बड़ी संख्या में किशोरियां टीकाकरण के लिए पहुंच रही हैं। अभी जिले को 2 हजार डोज मिली हैं और पूरा रिकॉर्ड यू-विन पोर्टल पर अपडेट किया जा रहा है। -डॉ. भंवर सिंह, नोडल अधिकारी, रेवाड़ी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 28, 2026, 10:48 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


रेवाड़ी में सर्वाइकल कैंसर से बचाव को एचपीवी वैक्सीन महाअभियान शुरू #SubahSamachar