Hamirpur News: छात्रहित की समस्याओं को लेकर HPTU में प्रदर्शन, कुलसचिव को सौंपा ज्ञापन
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय (HPTU) में शैक्षणिक और छात्रहित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की विश्वविद्यालय इकाई ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव को ज्ञापन सौंपा और छात्रों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। परिषद ने विश्वविद्यालय में लंबे समय से रिक्त स्थायी कुलपति के पद को जल्द भरने की मांग प्रमुखता से उठाई। ABVP ने कहा कि विश्वविद्यालय में प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्थायी कुलपति की नियुक्ति जरूरी है। छात्र संगठन ने प्रत्येक वर्ष होने वाली पांच प्रतिशत फीस वृद्धि को समाप्त या कम करने की मांग की। इसके साथ ही आठवें सेमेस्टर की ट्यूशन फीस पूरी तरह समाप्त करने की मांग भी रखी गई। एबीवीपी ने विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल के पुनर्गठन की मांग करते हुए योग्य और अनुभवी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति करने की बात कही। परिषद के अनुसार इससे विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार और प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। छात्रों ने लाइब्रेरी को विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विस्तारित समय तक खोलने की मांग की। साथ ही सभी विद्यार्थियों की स्टूडेंट आईडी समयबद्ध तरीके से जारी करने की मांग भी उठाई गई। परिषद ने विश्वविद्यालय में नियमित फैकल्टी की नियुक्ति कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। एबीवीपी ने कहा कि छात्रों से मेडिकल और इंटरनेट फीस ली जाती है, इसलिए उसके अनुरूप बेहतर मेडिकल सुविधाएं, इंटरनेट स्पीड और संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से इन समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 10, 2026, 08:33 IST
Hamirpur News: छात्रहित की समस्याओं को लेकर HPTU में प्रदर्शन, कुलसचिव को सौंपा ज्ञापन #SubahSamachar
