हिसार पुलिस ने विद्यार्थियों को दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ
पुलिस की नशा मुक्ति जागरूक टीम ने जेवरा राजकीय उच्च विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान टीम ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, नशे से होने वाले शारीरिक-मानसिक नुकसान और इसके भविष्य में होने वाले नकारात्मक प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, नियमित पढ़ाई पर ध्यान देने, खेल और अन्य सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को सामूहिक रूप से नशा विरोधी शपथ भी दिलाई गई, ताकि वे खुद और अपने आसपास के समाज को नशे से मुक्त रखने का संकल्प निभा सकें। इस कार्यक्रम में यातायात जागरूक पुलिस टीम और महिला समर्पित पुलिस टीम भी शामिल रही। यातायात टीम ने छात्रों को सड़क सुरक्षा, हेलमेट-सीट बेल्ट उपयोग, ट्रैफिक नियमों की पालना और सुरक्षित यात्रा के बारे में जागरूक किया। जबकि, महिला समर्पित टीम ने छात्राओं को उनकी सुरक्षा, आत्मरक्षा, मदद के उपलब्ध साधनों तथा महिला हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी। दोनों टीमों ने सहायता और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संपर्क के लिए अपने-अपने मोबाइल नंबर भी विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए। हिसार पुलिस का यह प्रयास नशे के खिलाफ जन जागरण और युवा पीढ़ी को सुरक्षित और सकारात्मक दिशा देने की दिशा में एक प्रभावी कदम है। छात्रों को प्रोत्साहित किया गया कि वे स्वयं जागरूक रहें और समाज में नशा मुक्त माहौल बनाने में पुलिस का सहयोग करें।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Dec 06, 2025, 11:53 IST
हिसार पुलिस ने विद्यार्थियों को दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ #SubahSamachar
