Mandi Road Accident: पीपलू में 400 फीट गहरी खाई में गिरी कार, पति-पत्नी और दो बच्चे घायल

मंडी जिले के गोहर उपमंडल में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा उस समय टल गया, जब एक कार करीब 400 फुट गहरी खाई में जा गिरी। कार में सवार पति-पत्नी और उनके दो बच्चे घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बिना अपनी जान की परवाह किए खाई में उतरकर चारों का सुरक्षित रेस्क्यू किया और अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। जानकारी के अनुसार कार (एचपी-82ए-8036) में सवार परिवार ब्रिखमणि गांव से रतेहड़ी (चैलचौक) स्थित रिश्तेदार के घर जा रहा था। सुबह करीब 11:50 बजे पीपलू के पास सामने से आ रहे वाहन को रास्ता देते समय चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। देखते ही देखते कार सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई। हादसे में कार चालक नरेंद्र, उनकी पत्नी वीना तथा दोनों बेटे देवांश और वेदांत घायल हो गए। दुर्घटना की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को प्राथमिक उपचार देकर श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर सामने से आ रहे वाहन को रास्ता देते समय कार अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई और साहस के कारण इस हादसे में संभावित बड़ी जनहानि टल गई।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 16, 2026, 13:52 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Mandi Road Accident: पीपलू में 400 फीट गहरी खाई में गिरी कार, पति-पत्नी और दो बच्चे घायल #SubahSamachar