Video Report: किराये की चिंता छोड़ पढ़ाई की राह पर बढ़े कदम, सिरमौर में हिम बस कार्ड बना सहारा

घर से संस्थान तक पहुंचने के लिए हर महीने हजारों रुपये खर्च करने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रदेश सरकार की हिम बस कार्ड योजना बड़ी राहत प्रदान कर रही है। योजना के तहत विद्यार्थियों, महिलाओं, दिव्यांगजनों सहित विभिन्न वर्गों को सस्ती और निशुल्क बस यात्रा सुविधा मिल रही है। जिला सिरमौर में अब तक 11,855 हिम बस कार्ड जारी किए जा चुके हैं। एचआरटीसी की नाहन और पांवटा साहिब इकाइयों के माध्यम से दूरदराज क्षेत्रों तक इस सुविधा को पहुंचाया जा रहा है। योजना से न केवल लोगों की जेब पर पड़ने वाला किराये का बोझ कम हुआ है, बल्कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े लोगों के लिए आवागमन भी आसान हुआ है। हिम बस कार्ड योजना का सबसे बड़ा लाभ विद्यार्थियों को मिला है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नाहन में प्रशिक्षण ले रहे छात्र बताते हैं कि पहले रोजाना आने-जाने में बड़ी राशि खर्च हो जाती थी, लेकिन अब रियायती बस पास ने यह बोझ काफी कम कर दिया है। देवका गांव की आईटीआई प्रशिक्षु रिया चौहान ने बताया कि पहले उन्हें संस्थान आने-जाने के लिए हर माह करीब 1380 रुपये बस किराये के रूप में खर्च करने पड़ते थे। हिम बस पास बनने के बाद अब यही सफर करीब 230 रुपये प्रतिमाह में हो रहा है। वहीं कौलावाला भूड़ की शिवानी और वंशिका ने बताया कि पहले उनका मासिक बस किराया करीब 4500 रुपये तक पहुंच जाता था, लेकिन अब यह खर्च घटकर करीब 670 रुपये रह गया है। इससे परिवारों पर पढ़ाई का आर्थिक दबाव कम हुआ है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 10, 2026, 17:27 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Video Report: किराये की चिंता छोड़ पढ़ाई की राह पर बढ़े कदम, सिरमौर में हिम बस कार्ड बना सहारा #SubahSamachar