हरदोई: बोरिंग का गड्ढा धंसने से मिट्टी में दबकर किसान की मौत

सांडी थाना क्षेत्र के बेहटी चिरागपुर गांव में सिंचाई के दौरान बोरिंग का गड्ढा धंस गया। इसकी मिट्टी में किसान दब गया। मशक्कत कर जेसीबी से खोदाई कर उन्हें बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। भीखपुर निवासी राकेश कुमार यादव (45) खेती करते थे। उनके खेत गांव से 500 मीटर दूर बेहटी चिरागपुर में हैं। पत्नी ममता के मुताबिक, राकेश बुधवार को खेत में सिंचाई करने गए थे। उनकी खुद के खेत में निजी बोरिंग है। सिंचाई के बाद राकेश पानी बंद करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बोरिंग का गड्ढा धंस गया और वह इसी में दब गए। आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना परिजनों के साथ ही पुलिस को दी। घटना की जानकारी पर सांडी थाने की पुलिस ने जेसीबी का इंतजाम किया। जेसीबी से खोदाई कर मिट्टी हटाई गई। लगभग 20 फीट नीचे राकेश का शव पड़ा मिला। इसका पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार में पत्नी, चार पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। पुत्रों में तीन नोएडा में प्राइवेट फैक्टरी में काम करते हैं। घटना की जानकारी पर नायब तहसीलदार जसवंत सिंह भी मौके पर पहुंचे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 19, 2025, 18:32 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


हरदोई: बोरिंग का गड्ढा धंसने से मिट्टी में दबकर किसान की मौत #SubahSamachar