Hamirpur: थ्रोबॉल में हमीरपुर की टीम ने बिलासपुर को हराया, सदोह में दो दिवसीय राज्य स्तरीय थ्रोबॉल प्रतियोगिता शुरू
उपमंडल नादौन के सदोह में एक निजी स्कूल के प्रांगण में रविवार को दो दिवसीय राज्य स्तरीय थ्रोबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से आई टीमों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने भाग लिया। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि डोगरा रेजिमेंट के कैप्टन सुरेश कुमार ने शिरकत की। मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। कैप्टन सुरेश कुमार ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को भी सुदृढ़ बनाते हैं। खेल प्रशिक्षक यशवीर राणा ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जिससे वह अपनी प्रतिभा को निखार सकें और उच्च स्तर पर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न जिलों की टीमों के बीच रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले देखने को मिले। पहले दिन खेले गए मुकाबलों में ऊना और चंबा के बीच पहला मैच खेला जिसमें दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं हमीरपुर की टीम ने बिलासपुर को हराकर प्रभावशाली जीत दर्ज की। लड़कियों के वर्ग में भी मुकाबले काफी रोमांचक रहे। हमीरपुर टीम ने ऊना टीम को पराजित कर अपनी जीत हासिल की। इस अवसर पर हिमाचल थ्रोबॉल चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष अमन शर्मा, उपाध्यक्ष विशाल भारती शर्मा, सचिव सुशील कुमार, अमन धीमान, पूर्ण शर्मा, यशवीर सिंह, शाम मुरारी, तीक्ष्ण सहित अन्य लोग उपस्थित रहे
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 19, 2026, 16:42 IST
Hamirpur: थ्रोबॉल में हमीरपुर की टीम ने बिलासपुर को हराया, सदोह में दो दिवसीय राज्य स्तरीय थ्रोबॉल प्रतियोगिता शुरू #SubahSamachar
