Hamirpur: हमीरपुर की री पंचायत कंगरी वार्ड में चुनाव का बहिष्कार, 288 में से पांच वोटर ने किया मताधिकार का प्रयोग
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत री के वार्ड नंबर-1 कंगरी में ग्रामीणों ने पंचायती राज चुनाव का बहिष्कार कर प्रशासन और सरकार के खिलाफ रोष जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से क्षेत्र में विकास कार्य नहीं हुए और उनकी समस्याओं का समाधान भी नहीं किया गया। इसके चलते मतदान केंद्र प्राथमिक पाठशाला कंगरी में सुबह सात बजे से मतदान शुरू होने के बावजूद दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। ग्रामीणों का दावा है कि दो दिन पहले वह प्रशासनिक अधिकारियों से मिले थे लेकिन उन्हें समस्या के समाधान का संतोषजनक आश्वासन नहीं मिला। ग्रामीणों ने बताया कि मतदान तिथियों की घोषणा से पहले ही प्रशासन को चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वार्ड के करीब 288 मतदाताओं में से अधिकांश ने मतदान से दूरी बनाए रखी। हालांकि पांच मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं वार्ड सदस्य, प्रधान और उपप्रधान सहित अन्य पदों के लिए भी इस वार्ड से किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। ग्रामीणों की मुख्य मांग कंगरी वार्ड को री पंचायत से हटाकर ख्याह लोहाखरियां पंचायत में शामिल करने या अलग पंचायत बनाने की है। ग्रामीणों कहना है कि री पंचायत घर तक पहुंचने के लिए करीब मीलों का सफर तय करना पड़ता है। खड्ड पार कर भी लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे पंचायत संबंधी कार्य करवाना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति भी दयनीय बनी हुई है। उनका कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष समस्याएं उठाई गईं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसी कारण सर्वसम्मति से चुनाव बहिष्कार का निर्णय लिया गया। पहली बार मतदाता बने एक युवक ने कहा कि लोकतंत्र के पर्व में भाग न ले पाने का दुख है, लेकिन गांव की अनदेखी से लोग आहत हैं। वहीं पूर्व वार्ड सदस्य ने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन ने मांगें नहीं मानीं तो आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों का भी बहिष्कार किया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 28, 2026, 16:51 IST
Hamirpur: हमीरपुर की री पंचायत कंगरी वार्ड में चुनाव का बहिष्कार, 288 में से पांच वोटर ने किया मताधिकार का प्रयोग #SubahSamachar
