Hamirpur News: मांगें पूरी नहीं हुईं तो कामगार कल्याण बोर्ड कार्यालय के बाहर तंबू लगाकर होगा अनिश्चितकालीन धरना

पेंशन और अन्य लंबित कल्याणकारी लाभों की मांग को लेकर बुधवार को सीटू के बैनर तले कामगारों ने हमीरपुर स्थित कामगार कल्याण बोर्ड कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान श्रमिकों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने की मांग उठाई। धरने को संबोधित करते हुए सीटू के राष्ट्रीय सचिव डॉ. कश्मीर सिंह ने कहा कि पंजीकृत श्रमिकों की पेंशन, आर्थिक सहायता और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े अनेक मामले लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार ज्ञापन सौंपने और मांग उठाने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है, जिससे श्रमिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश सरकार और संबंधित विभाग एक महीने के भीतर लंबित मांगों का समाधान नहीं करते हैं तो कामगार कल्याण बोर्ड कार्यालय के बाहर तंबू लगाकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में आंदोलन की जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी। प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने लंबित पेंशन मामलों का जल्द निपटारा, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का समय पर लाभ सुनिश्चित करने और कामगार कल्याण बोर्ड की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने की मांग की। सीटू नेताओं ने स्पष्ट किया कि श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 08, 2026, 15:02 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Hamirpur News: मांगें पूरी नहीं हुईं तो कामगार कल्याण बोर्ड कार्यालय के बाहर तंबू लगाकर होगा अनिश्चितकालीन धरना #SubahSamachar