बिना ठोस कारण बुजुर्गों की पेंशन काट रही सरकार: कृष्ण जमालपुर
बहुजन समाज पार्टी हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. कृष्ण जमालपुर ने विधानसभा उचाना की कार्यालय में समीक्षा बैठक ली। इस दौरान विशिष्ट अतिथि एसडीओ सूरत सिंह और वरिष्ठ नेता डाॅ. प्रवीण मंडल ने शिरकत की। अध्यक्षता विधानसभा उचाना के अध्यक्ष रणधीर सिंह घोघड़ियां ने की। प्रदेशाध्यक्ष कृष्ण जमालपुर ने कहा है कि सरकार बिना किसी ठोस कारण के प्रदेश के हजारों बुजुर्गों की पेंशन काट रही है, जिससे समाज का सबसे सम्मानित वर्ग आज दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। सरकार परिवार पहचान पत्र और तकनीकी खामियों के नाम पर चुपचाप हजारों बुजुर्गों की पेंशन रोक रही है। आय की गलत गणना करके उन बुजुर्गों को भी अपात्र घोषित किया जा रहा है, जिनके पास आय का कोई दूसरा साधन नहीं है। उन्होंने कहा कि अब समाधान की आस में बुजुर्ग दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अधिकारी उनकी सुनने के बजाय उन्हें एक पोर्टल से दूसरे पोर्टल पर भेज रहे हैं। भाजपा ने चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आते ही उनकी प्राथमिकताएं बदल गई हैं। एक तरफ सरकार सबका साथ-सबका विकास का नारा देती है, वहीं दूसरी तरफ बुजुर्गों के मुंह से निवाला छीनने का काम कर रही है। यह केवल पेंशन काटना नहीं, बल्कि बुजुर्गों के सम्मान पर डाका डालना है। चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने काटी गई पेंशनों को बहाल नहीं किया तो बसपा सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में ला एंड आर्डर समेत हर मोर्चे पर पूरी तरह से फेल है। अपने राजनैतिक लाभ के लिए जाति एवं धर्म के नाम पर लोगों को आपस में लड़वाकर असल मुद्दों से जनता का ध्यान भटका रही है। आज प्रदेश में हत्याएं, फिरौती, बलात्कार एवं भ्रष्टाचार की घटनाएं चरम सीमा पर है तथा प्रदेश का मुख्यमंत्री चुटकुले सुनाने में मस्त हैं। इस दौरान आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता रमेश जटैण ने बसपा का दामन थामा। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राकेश सिवानामाल, जिला महासचिव बलवान कश्यप, सत्यवान मांडी, जगसीर सुदकैन, ईश्वर उचाना, सत्यवान अलीपुरा, मुकेश खेड़ी मसानिया, राजा करसिंधु, रतन छातर, राजेश करसिंधु , बलराज खापड़, जयपाल फौजी, राजेंद्र पेगां, कमल शामदो, बबलू घोघड़ियां, जयपाल घोघड़ियां मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 15, 2026, 13:47 IST
बिना ठोस कारण बुजुर्गों की पेंशन काट रही सरकार: कृष्ण जमालपुर #SubahSamachar
