Video: पंचायत में रिश्वतखोर बाबू, छत पर 4000 रुपए थमाए, फिर भी फाइल अटकी

जिले की जनपद पंचायत गौरेला एक बार फिर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने पंचायत व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह मामला विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन-ग्रामीण योजना के तहत हुए कार्यों के मूल्यांकन से जुड़ा है। आवास मित्र के रूप में कार्य कर चुके हेतराम राठौर ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने जनपद पंचायत गौरेला के तकनीकी सहायक तरुण ताम्रकार पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, उनके पिता धरमलाल राठौर के नाम पर पशु शेड का निर्माण हुआ था। इस निर्माण कार्य के मूल्यांकन और फाइल आगे बढ़ाने के लिए 5 हजार रुपये की मांग की गई थी। हेतराम राठौर का आरोप है कि दबाव में उन्होंने 4 हजार रुपये दिए। यह राशि जनपद पंचायत गौरेला कार्यालय की छत पर संबंधित अधिकारी को दी गई। उन्होंने दावा किया कि पूरे लेनदेन की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं। पंचायत व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। रिश्वत के बावजूद लंबित कार्य पीड़ित पक्ष का कहना है कि रिश्वत देने के बाद भी फाइल लंबित पड़ी है। कार्य की प्रक्रिया अभी तक पूरी नहीं की गई है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत स्तर पर भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। प्रशासनिक कार्रवाई की मांग हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। आरोपी अधिकारी की ओर से भी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस वायरल वीडियो की जांच कर क्या कदम उठाता है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 11, 2026, 06:44 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Video: पंचायत में रिश्वतखोर बाबू, छत पर 4000 रुपए थमाए, फिर भी फाइल अटकी #CityStates #Gorella-pendra-marwahi #GpmNews #ViralVideos #GaurellaPendraMarwahi #SubahSamachar