महाराजपुर में 9वीं की छात्रा तीन दिन से लापता, परिवार बेहाल, तलाश में जुटी पुलिस
महाराजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में 15 वर्षीय किशोरी लापता हो गई है। परिजनों ने थाने में तहरीर देकर बताया कि पास के ही लचनियापुर गांव के एक युवक ने कुछ दिन पहले किशोरी को घर से उठा ले जाने की धमकी दी थी जिसके बाद से बेटी अचानक गायब हो गई है। परिवार की शिकायत पर महाराजपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी किशोरी का कोई सुराग नहीं लग सका है। घर में उसकी दादी का रो रोकर बुरा हाल है। दादी ने बताया कि किशोरी नवी की छात्रा थी और धमकी मिलने के बाद से उसने विद्यालय जाना भी बंद कर दिया था। वह मेरे पास ही रहती थी और घर के कामकाज में हाथ बंटाती थी माता पिता दोनों की तबीयत ठीक न रहने के कारण उसकी पूरी जिम्मेदारी मेरे ऊपर थी। दादी के अनुसार तीन दिन पूर्व शाम करीब पांच बजे वह अचानक घर से लापता हो गई जिसके बाद से लगातार तलाश की जा रही है लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली है। मामले में महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार का कहना है कि संदिग्धों समेत संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपी युवक के घर पर लगातार दबिश दी जा रही है और अन्य माध्यमों से भी किशोरी का पता लगाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Dec 14, 2025, 19:39 IST
महाराजपुर में 9वीं की छात्रा तीन दिन से लापता, परिवार बेहाल, तलाश में जुटी पुलिस #SubahSamachar
