सिहमा में जंगलात भूमि पर डाला जा रहा कूड़ा, ठोस कचरा प्रबंधन शेड का नहीं हो रहा इस्तेमाल
सिहमा। निकटवर्ती गांव सिहमा में ग्राम पंचायत की ओर से घरों से निकलने वाले कूड़ा-करकट को ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से जंगलात भूमि में जगह-जगह डालने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत ने कूड़ा एकत्रित करने के लिए विशेष स्थान का निर्माण तो कराया गया है, लेकिन उसका उपयोग नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पंचायत की लापरवाही के चलते जंगल में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग रहे हैं, जिससे वातावरण दूषित हो रहा है। एक ओर सरकार पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए अनेक कार्यक्रम चला रही है, वहीं दूसरी ओर पंचायत ही वन भूमि में कूड़ा डालकर पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि ठोस कूड़ा प्रबंधन के लिए बनाए गए शेड का आज तक प्रयोग नहीं किया गया। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या पंचायत ने केवल सरकारी राशि का दुरुपयोग करने के लिए ही इसका निर्माण करवाया था। इसको लेकर ग्रामीणों में काफी नाराजगी है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत व संबंधित विभाग से आग्रह किया है कि कूड़े को निर्धारित स्थान पर ही डलवाया जाए, ताकि वातावरण को दूषित होने से बचाया जा सके। वर्जन: इस बारे में हमें जानकारी नहीं थी। अब मामला संज्ञान में आ गया है, जल्द ही मौका मुआयना कर इस समस्या को दूर करवाने का प्रयास किया जाएगा। मनजीत, सचिव, ग्राम पंचायत, सिहमा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 24, 2026, 15:54 IST
सिहमा में जंगलात भूमि पर डाला जा रहा कूड़ा, ठोस कचरा प्रबंधन शेड का नहीं हो रहा इस्तेमाल #SubahSamachar
