गुरुग्राम: अलग-अलग सड़क हादसों में चार युवकाें की मौत

गुरुग्राम जिले के अलग-अलग सड़क हादसों में चार युवकाें की मौत हो गई। बिलासपुर थाना क्षेत्र में एक ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार की मौत हो गई। मृत युवक की पहचान कन्नौज (उत्तर प्रदेश) के ककरहिया निवासी सलमान हुसैन के रूप में हुई है। वह पथरेडी रोड स्थित एक निजी कंपनी में वैंडर का काम करता था और पथरेड़ी गांव में किराये पर रहता था। मृत युवक के चचेरे भाई सहनबाज की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ सड़क हादसे में मौत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है। दूसरे हादसे में सेक्टर-37 थाना क्षेत्र में 3 अप्रैल की रात करीब 10 बजे द्वारका एक्सप्रेसवे के एग्जिट पॉइंट पर डिवाइड से बाइक टकराने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की सेक्टर-38 स्थित निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के नालंदा निवासी आकाश उर्फ गोलू (18) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ गुरुग्राम के गांधी नगर में रहता था। वहीं, तीसरे हादसे में सेक्टर-56 थाना क्षेत्र में 3/4 अप्रैल की रात करीब 2.30 बजे गलत दिशा में आ रही टाटा हैरियर गाड़ी ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल युवक को उपचार के लिए सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, दूसरे घायल की हालत गंभीर होने पर सेक्टर-51 स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शनिवार को उपचार के दौरान दोनों युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सेक्टर-60 निवासी कार्तिक सुरेश (24) और बिहार के मोतीहारी निवासी रितिक के रूप में हुई है। कार्तिक गुरुग्राम की एक निजी युनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा था। जबकि रितिक एक कॉल सेंटर में नौकरी करने के साथ ही पार्ट टाइम के लिए ओला-उबर में स्कूटी भी चलाता था। कार्तिक ने रितिक की स्कूटी को बुक किया हुआ था। सेक्टर-40 थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात को सिग्नेचर टावर के पास यू-टर्न लेते समय अचानक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के चक्कर में एक कार डिवाइडर से टकरा गई। डिवाइडर से टकराने के बाद कार वहां खड़ी दूसरी कार से भी टकरा गई। हादसे में दोनों कार चालकों निशांत व रितेश को हल्की चोटें आईं। मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है।.

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 04, 2026, 17:52 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


गुरुग्राम: अलग-अलग सड़क हादसों में चार युवकाें की मौत #SubahSamachar