झज्जर: महिला आरक्षण बिल पास न होना दुर्भाग्यपूर्ण, देशभर की महिलाओं में रोष: ओम प्रकाश धनखड़, पूर्व कृषि मंत्री

पूर्व कृषि मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने शनिवार को झज्जर अनाज मंडी का दौरा कर खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंडी में गेहूं खरीद, उठान और भंडारण व्यवस्था को लेकर अधिकारियों व आढ़तियों से बातचीत की। धनखड़ ने कहा कि मंडी में खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है, लेकिन गेहूं के उठान के बाद गोदामों में अनाज उतारने की प्रक्रिया धीमी है, जिससे आढ़तियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मौके पर ही खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर से फोन पर बातचीत कर समस्या से अवगत कराया। बातचीत के बाद उन्होंने मंडी आढ़तियों को जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसी योजना बनानी चाहिए, जिससे मंडियों में पहुंचा गेहूं भी सुरक्षित रह सके। यदि बारिश या अन्य कारणों से मंडियों में पड़ा अनाज खराब होता है तो उसका बीमा होना चाहिए ताकि किसानों और आढ़तियों को आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े। उन्होंने कहा कि किसान की मेहनत की फसल को सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। नारी वंदन बिल को लेकर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत भागीदारी देने के उद्देश्य से बिल लेकर आई थी, लेकिन विपक्ष ने इसे पास नहीं होने दिया। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से देश नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता था। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व मिलने से देश की अर्थव्यवस्था और मजबूत होती।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 18, 2026, 16:49 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


झज्जर: महिला आरक्षण बिल पास न होना दुर्भाग्यपूर्ण, देशभर की महिलाओं में रोष: ओम प्रकाश धनखड़, पूर्व कृषि मंत्री #SubahSamachar