बाराबंकी में कुत्ते को बेरहमी से पीटने पर एफआईआर दर्ज, सिंचाई विभाग कॉलोनी की घटना
बाराबंकी में सिंचाई विभाग कॉलोनी में सड़क किनारे सो रहे एक कुत्ते को बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने कुत्ते के सिर पर भारी वस्तु से जोरदार वार किया। इससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले में रिपोर्ट दर्ज हो गई है। एसपी रवीना त्यागी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं, पशु अधिकार संगठन पेटा इंडिया ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) को पत्र भेजकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और घायल कुत्ते का चिकित्सकीय परीक्षण कराने की मांग की है। पेटा इंडिया के क्रूरता प्रतिक्रिया अधिकारी श्रीकुट्टी बेनेट की ओर से भेजे गए पत्र के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में काले-सफेद रंग का एक कुत्ता सड़क किनारे सोता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान मनोज सोनी नाम का व्यक्ति वहां पहुंचता है और कुत्ते के सिर पर जोरदार वार करता है। इसके बाद कुत्ता सड़क की ओर जाने का प्रयास करते हुए बेहोश होकर गिर जाता है। फुटेज में एक अन्य व्यक्ति उसे सड़क के बीच से खींचकर किनारे ले जाता भी दिखाई देता है। पेटा इंडिया ने पत्र में भारतीय न्याय संहिता, 2023 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने घायल कुत्ते को सरकारी पशु चिकित्सक के पास ले जाकर उसकी जांच कराने का भी अनुरोध किया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 28, 2026, 08:25 IST
बाराबंकी में कुत्ते को बेरहमी से पीटने पर एफआईआर दर्ज, सिंचाई विभाग कॉलोनी की घटना #SubahSamachar
