पीडीडीयू जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में जमकर चले लाठी डंडे; VIDEO
पं. दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में बुधवार की रात नशे में धुत घुमंतुओं के बीच जमकर लाठी डंडे चले। इससे सर्कुलेटिंग एरिया में हड़कंप मच गया। सभी एक-दूसरे पर लाठियों से वार कर रहे थे। ऐसे में किसी को कुछ समझ में ही नहीं आ रहा था कि क्या करें। लगभग आधा घंटे की अफरा-तफरी के बाद वे लोग शांत हुए। इस मामले में जीआरपी ने 05 को पकड़ कर चालान की है। हावड़ा दिल्ली रूट पर अति व्यस्त पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन का सर्कुलेटिंग एरिया घुमंतुओं का बसेरा बन गया है। पार्सल गेट के समीप ऑटो स्टैंड के एक कोने में घुमंतू रहते हैं। इसी तरह आरआरआई केबिन के पास भी इनका बसेरा है। ये लोग यही रहते हैं। घुमंतू नशे के भी आदी हैं और खुलेआम नशा करते हैं। यही नहीं अक्सर ये लोग आपस में ही मारपीट कर लेते हैं। बुधवार की रात नशे में धुत घुमंतुओं में किसी बात को लेकर विवाद हो गया और गाली गलौज के बाद ये आपस में मारपीट करने लगे। युवक- युवती सभी लाठी डंडे लेकर एक दूसरे पर वार करना शुरू कर दिया। इससे सर्कुलेटिंग एरिया में अफरा तफरी मच गई। घुमंतूओं ने एक दूसरे को दौड़ा दौड़ा कर पीटा। इससे यात्रियों को भी आवागमन में परेशानी हुई। लगभग आधा घंटा तक अफरा तफरी मची रही। सूचना पाकर पहुुंची जीआरपी ने 5 युवाओं को हिरासत में लिया है। जीआरपी ने एक पक्ष विशाल कुमार निवासी लाठ नंबर 02 शाहकुटी, दूसरे पक्ष के राजा उर्फ भोभो, देवा डोम, सिकंदर और निहाल निवासी राममंदिर डोमखाना का चालान किया है। इस संबंध में जीआरपी पीडीडीयू के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि राम मंदिर के पास रहने वाले कुछ लोग विवाद करते हुए स्टेशन एरिया में प्रवेश कर गए थे। इस पर दोनों पक्षों से 5 लोगों का चालान किया गया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 05, 2026, 16:07 IST
पीडीडीयू जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में जमकर चले लाठी डंडे; VIDEO #SubahSamachar
