Gurugram: नजफगढ़ ड्रेन से जिले के सात गांवों के किसान परेशान, खेतों में भरा रहता है पानी
नजफगढ़ ड्रेन से जिले के सात गांवों के किसान परेशान है। ड्रेन के पानी से करीब 5600 एकड़ जमीन पर पानी भरा रहता है। इससे किसान इस जमीन पर खेती नहीं कर पा रहे हैं। उनकी बेसकीमती जमीन पर पानी जमा होने की समस्या लंबे समय से है। गुरुग्राम के लेग एक, दो और तीन से (बरसाती नाले) बारिश का पानी नजफगढ़ ड्रेन में जाता है। इसके बाद यह पानी नजफगढ़ ड्रेन से यमुना नदी में चला जाता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि नाले से पानी की सही निकासी नहीं होने से नजफगढ़ ड्रेन का पानी आसपास के सात गांवों की जमीन पर भर जाता है। इससे इस जमीन पर किसान कई सालों से खेती नहीं कर पा रहे हैं। उनका कहना है कि गुरुग्राम में जमीन के रेट भी काफी है। ऐसे में यदि सरकार इसका स्थाई समाधान नहीं निकाल पा रही है तो उनकी जमीन का मुआवजा मिलना चाहिए। पिछली बारिश में नजफगढ़ ड्रेन के बैक मारने से गुरुग्राम की कई सोसाइटियों में पानी भर गया था। वहीं, दौलताबाद-धर्मपुर ड्रेनेज से किसानों और स्थानीय लोगों को कई दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। ड्रेन का पानी ओवरफ्लो होने से सात गांवों के लगभग 5600 एकड़ भूमि में खेती नहीं हो पा रही है। प्रभावित किसानों के मुताबिक लगभग 20 सालों से वे लोग सही से खेती नहीं कर पा रहे हैं। जिन गांवों के लोग प्रभावित हैं उनमें माकड़ौला, बुढ़ेरा-चंदू, धनकोट, खेड़की, दौलताबाद, मोहम्मद हेड़ी और धर्मपुर शामिल हैं। वहीं बारिश के समय कई सोसाइटियों में भी जलभराव देखने को मिलता है। इसके लिए वर्षों से किसान दिल्ली की तरह ही गुरुग्राम इलाके में बांध बनाने की मांग कर रहे हैं। सरकार कोई स्थायी कार्रवाई नहीं कर रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Dec 13, 2025, 21:55 IST
Gurugram: नजफगढ़ ड्रेन से जिले के सात गांवों के किसान परेशान, खेतों में भरा रहता है पानी #SubahSamachar
