केवाईसी नहीं कराने पर आ रही सिलिंडर लेेने में दिक्कत
गैस एजेंसियों पर रसोई गैस सिलिंडर लेने के लिए लग रही गोदामों पर लाइन और भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। रविवार को सुबह तीन एजेंसियों के गोदामों पर उपभोक्ताओं की भीड़ लगी रही। लोग उनकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं। उधर एजेंसी संचालकों का कहना है कि केवाईसी नहीं कराने के कारण सिलिंडर देने में दिक्कत आ रही है। रविवार सुबह करीब 8.30 बजे हाईवे की सर्विस रोड किनारे गजरौला गैस सर्विस एजेंसी का गेट भी नहीं खुला था कि उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लग गई। इससे करीब 100 मीटर दूर काजला गैस एजेंसी के कार्यालय पर सुबह 9 बजेे उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी। कई बार हंगामे की नौबत आई। धनौरा मार्ग पर एचपी गैस गोदाम पर गैस सिलिंडर लेने आए उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लग गई। यहां पर लाइन में लगे उपभोक्ताओं ने परेशानी को दिखाते हुए उपभोक्ताओं की सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल की। दोपहर 12.30 बजे हाईवे किनारे किसी एजेंसी पर उपभोक्ताओं की लाइन या भीड़ नहीं थी। काजला गैस एजेंसी के प्रबंधक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि उनकी एजेंसी पर करीब 12 हजार उपभोक्ता हैं। जिनमें करीब तीन हजार ने केवाईसी नहीं कराई। इस कारण थोड़ी दिक्कत आ रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 29, 2026, 19:24 IST
केवाईसी नहीं कराने पर आ रही सिलिंडर लेेने में दिक्कत #SubahSamachar
