जींद के जुलाना में जुलाना मार्केट कमेटी कार्यालय में कर्मचारियों का प्रदर्शन, जमकर नारेबाजी
कस्बे के मार्केट कमेटी कार्यालय में कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी कर रोष प्रकट किया। धरने की अध्यक्षता सहायक सचिव सिकंदर सांगवान ने की। सिकंदर सांगवान ने बताया कि कर्मचारियों में रोष ई-खरीद पोर्टल और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की खामियों के साथ-साथ कर्मचारियों पर सीधे एफआईआर दर्ज करने और गिरफ्तारी की कार्रवाई को लेकर है। उन्होंने कहा कि यदि किसी किसान ने रजिस्ट्रेशन करवा रखा है तो मार्केट कमेटी गेट पास काटने से मना नहीं कर सकती, वहीं बिना रजिस्ट्रेशन के एक किलो अनाज का भी गेट पास जारी नहीं किया जा सकता। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि पोर्टल और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की खामियों को जल्द से जल्द दूर किया जाए। साथ ही, किसी भी कर्मचारी या अधिकारी की गिरफ्तारी से पहले विभागीय जांच करवाई जाए और यदि जांच में दोषी पाया जाए तभी आगे की कार्रवाई की जाए। कर्मचारियों ने कहा कि मंडियों में पर्याप्त स्टाफ नहीं होने के बावजूद फील्ड स्टाफ दिन-रात मेहनत कर ओवरटाइम के जरिए सरकार और विभाग के लक्ष्यों को पूरा कर रहा है, इसके बावजूद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंडी बोर्ड के कर्मचारियों को बेवजह बलि का बकरा बनाया जा रहा है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने सरकार से मांग की कि ई-खरीद पोर्टल और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को दुरुस्त किया जाए तथा सीजन के दौरान मंडियों में पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस मौके पर मार्किट कमेटी सचिव कोमिला, सुरेंद्र, सुखमेर चिंटू आदि मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 24, 2026, 14:54 IST
जींद के जुलाना में जुलाना मार्केट कमेटी कार्यालय में कर्मचारियों का प्रदर्शन, जमकर नारेबाजी #SubahSamachar
