जालंधर में साइकिल सवार को कुचल गया ड्राइवर, घंटों बाद दूसरी जगह मिली लाश
जालंधर शहर के लैदर कॉम्प्लेक्स इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे से सनसनी फैल गई। साइकिल पर सवार होकर काम पर जा रहे प्रवासी मजदूर सोहन लाल की गैस सिलिंडरों से लदी एक गाड़ी की टक्कर से मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार गाड़ी साइकिल सवार को टक्कर मारते हुए दिखाई दे रही है। हादसे के बाद जो घटनाक्रम सामने आया, उसने पूरे मामले को और भी गंभीर बना दिया है। परिजनों के अनुसार, सोहन लाल सुबह अपने घर से जेके कास्टिंग कंपनी में काम पर जाने के लिए निकले थे। रास्ते में कथित तौर पर एक गैस एजेंसी की गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। परिवार का आरोप है कि हादसे के बाद चालक उन्हें अस्पताल ले जाने के नाम पर अपने साथ ले गया, लेकिन कई घंटों तक उनका कोई पता नहीं चला। जब परिवार ने तलाश शुरू की तो मोबाइल बंद मिला और वे कहीं दिखाई नहीं दिए। शाम को सूचना मिली कि जालंधर कुंज के पास एक सुनसान इलाके में एक शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने उसकी पहचान सोहन लाल के रूप में की।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 03, 2026, 10:22 IST
जालंधर में साइकिल सवार को कुचल गया ड्राइवर, घंटों बाद दूसरी जगह मिली लाश #SubahSamachar
