Dharamshala: सूबे के विद्यार्थियों को ऑनलाइन माइग्रेशन सर्टिफिकेट देगा तकनीकी शिक्षा बोर्ड
सूबे के बहुतकनीकी (पॉलीटेक्निक) संस्थानों के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने माइग्रेशन सर्टिफिकेट की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन करने का निर्णय लिया है। अब विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट के लिए बोर्ड कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। बोर्ड के अनुसार जैसे ही किसी अभ्यर्थी का ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होगा, उसे अधिकतम तीन कार्यदिवस के भीतर माइग्रेशन सर्टिफिकेट जारी कर दिया जाएगा। इसके लिए विद्यार्थी को बोर्ड की वेबसाइट पर स्टूडेंट कार्नर पर जाकर आवेदन करना होगा। जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने बहुतकनीकी संस्थानों से शिक्षा ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों को एक सौगात दी है। तकनीकी शिक्षा बोर्ड से पास आउट अभ्यर्थी अब घर बैठे ही ऑनलाइन माध्यम से माइग्रेशन सर्टिफिकेट हासिल कर सकेंगे। तकनीकी शिक्षा बोर्ड का यह निर्णय शिक्षा सेवाओं को अधिक सुगम और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने डीजी लॉकर सुविधा के अलावा परीक्षा के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया को ऑनलाइन किया है। वहीं अब माइग्रेशन सर्टिफिकेट की सुविधा भी ऑनलाइन मिलने से विद्यार्थियों की दिक्कतें हल होंगी। तकनीकी शिक्षा बोर्ड की इस नई व्यवस्था से प्रदेश के विभिन्न बहुतकनीकी संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा। अब वे देश-प्रदेश के किसी भी कोने से ऑनलाइन माइग्रेशन सर्टिफिकेट घर बैठे हासिल कर सकेंगे। इससे पहले माइग्रेशन सर्टिफिकेट लेने के लिए विद्यार्थियों को धर्मशाला स्थित बोर्ड कार्यालय आना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी। वहीं, तकनीकी शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के सचिव अशोक पाठक ने कहा कि हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड अब ऑनलाइन माइग्रेशन सर्टिफिकेट विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाएगा। इसके लिए बोर्ड की वेबसाइट पर सुविधा उपलब्ध करवा दी गई है। आवेदन करने के बाद सर्टिफिकेट को तीन दिन के भीतर मुहैया करवा दिया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 23, 2026, 12:16 IST
Dharamshala: सूबे के विद्यार्थियों को ऑनलाइन माइग्रेशन सर्टिफिकेट देगा तकनीकी शिक्षा बोर्ड #SubahSamachar
