महेंद्रगढ़: बजट के अभाव में रुके विकास कार्य, उधारी के भवन में काम निपटा रही पंचायत
गांव पाली के ग्रामीण आज भी कई मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। गांव के ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन बिजली लाइनें लोगों के लिए लगातार भय का कारण बनी हुई हैं। वहीं बजट के अभाव में पंचायत भवन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), ई-लाइब्रेरी, आंगनबाड़ी केंद्र और लिंक रोड सहित कई विकास कार्य अधूरे पड़े हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के रिहायशी क्षेत्र से हाइटेंशन बिजली तार गुजर रहे हैं। तेज हवाओं और बरसात के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इन तारों नीचे गांव के करीब 60 से 70 घर स्थित हैं। वहीं, ग्राम पंचायत का अपना भवन नहीं होने के कारण पंचायत का कार्य फिलहाल उधारी भवन में संचालित किया जा रहा है। पंचायत भवन जर्जर हो चुका है और इसके निर्माण की कवायद अभी तक शुरू नहीं हो पाई है। पंचायत की ओर से भी इसके प्रस्ताव भेजे गए हैं, लेकिन सरकार ने इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया है। इसी प्रकार गांव में प्रस्तावित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निर्माण कार्य भी अधर में लटका हुआ है। सीएचसी के लिए 4.56 करोड़ का बजट मंजूर हो चुका है, लेकिन निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हो सका है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 31, 2026, 16:41 IST
महेंद्रगढ़: बजट के अभाव में रुके विकास कार्य, उधारी के भवन में काम निपटा रही पंचायत #SubahSamachar
