छाया रहा घना कोहरा, शाम को गलन बढ़ने से लोग कांपे
ठंड के साथ कोहरा भी छाने लगा है। शनिवार को सुबह घना कोहरा छाने से हाईवे और अन्य मुख्य मार्गों पर वाहनों की रफ्तार थमी रही। वाहन सवार हेडलाइट जलाकर रेंगते हुए निकले। शाम के बाद गलन बढ़ने से लोग ठिठुरते नजर आए। वहीं, ठंड बढ़ने के बाद भी नगर पालिका की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था अभी तक नहीं कराई गई है। इससे राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है। शनिवार सुबह घना कोहरा छाने के कारण नवीन गंगा पुल, जाजमऊ गंगा पुल के अलावा हाईवे और राजधानी मार्ग पर वाहनों की रफ्तार थमी रही। वाहन सवार हेडलाइट जलाकर धीमी गति से गंतव्य को रवाना हुए। यातायात विभाग के टीआई सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घने कोहरे में दृश्यता कम हो जाती है, ऐसे में लोग अपने वाहनों में फॉग लाइट जरूर लगवा लें ताकि दुर्घटना से बचा जा सके। वहीं, दिन की अपेक्षा रात में ठंड के साथ गलन भी बढ़ गई है, जिससे लोग ठिठुरते नजर आ रहे है। रात दस बजे के बाद से मुख्य मार्गाें पर सन्नाटा रहा। वहीं, ठंड बढ़ने के बाद भी नगर पालिका की ओर से अलाव की व्यवस्था न कराए जाने से लोगों में रोष व्याप्त है। पालिका ईओ मुकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि जल्द अलाव की व्यवस्था कराई जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Dec 13, 2025, 21:32 IST
छाया रहा घना कोहरा, शाम को गलन बढ़ने से लोग कांपे #SubahSamachar
