दिल्ली: पश्चिम जिला साइबर सेल का देशव्यापी अभियान, 27 जालसाज गिरफ्तार; 1.5 करोड़ की ठगी का खुलासा

पश्चिम जिला साइबर सेल ने देशव्यापी अभियान चलाकर 27 जालसाजों को गिरफ्तार किया है। एक सप्ताह चले अभियान में पुलिस ने 11 राज्यों में छापेमारी कर इन आरोपियों को पकड़ा है। इनकी गिरफ्तारी से 1.5 करोड़ से ज्यादा की ठगी का खुलासा हुआ है, जबकि आरोपियों इनके बैंक खातों में 13.91 करोड़ की लेन-देन का पता चला है। इनके खिलाफ करीब 150 शिकायतें हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि जिले की साइबर की टीम लगातार ठगी के मामलों की जांच कर रही थी। तकनीकी जांच के जरिए पुलिस टीम ने जालसाजों की पहचान कर ली। उसके बाद निरीक्षक विकास कुमार के नेतृत्व कई टीमें गठित की गई। पुलिस अधिकारियों ने एक साथ ही सभी जगहों पर छापेमारी की रूप रेखा तैयार की। एक सप्ताह तक पुलिस टीम ने देशव्यापी अभियान चलाया। पुलिस टीम ने जम्मू और कश्मीर, पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, बिहार और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में छापे मारे। इन जगहों से पुलिस ने 27 जालसाजों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से पुलिस ने 25 मोबाइल फोन, 28 सिम, 20 एटीएम कार्ड, एक पीओएस मशीन, एक बाइक, बैंक के दस्तावेज और अकाउंट किट बरामद किए हैं। जांच में पता चला कि इन आरोपियों ने 10 मामलों में 1.5 करोड़ की ठगी को अंजाम दे चुके हैं। इनके बैंक खाते के खिलाफ नेशनल क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर डेढ़ सौ शिकायतें दर्ज हैं। आरोपियों के बैंक खातों में 13.91 करोड़ की लेन-देन की बात सामने आई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पकड़े गए जालसाज निवेश ठगी, एपीके फाइल ठगी, फर्जी व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के जरिए ठगी, क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर ठगी, वर्क फ्रॉम होम के बहाने ठगी, वीजा ठगी सहित अन्य ठगी के मामले में शामिल हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 01, 2026, 17:55 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


दिल्ली: पश्चिम जिला साइबर सेल का देशव्यापी अभियान, 27 जालसाज गिरफ्तार; 1.5 करोड़ की ठगी का खुलासा #SubahSamachar