गाजियाबाद में जलनिकासी फेल: 24 घंटे बाद भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलमग्न, भरा तीन फीट पानी; मरीज परेशान

वेव सिटी क्षेत्रांतर्गत बारिश में जलमग्न हुआ डासना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ी, एंबुलेंस की आवाजाही भी हुई प्रभावित। शुक्रवार को भी परिसर से पानी निकलवाया जा रहा। डासना नगर पंचायत क्षेत्र में एक बार फिर जलनिकासी व्यवस्था की पोल खुल गई। मानसून की पहली बारिश के बाद ही डासना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में दो से तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे इलाज कराने पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अस्पताल परिसर पूरी तरह जलमग्न होने से मरीजों को पानी के बीच होकर गुजरना पड़ा, जबकि आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित रहीं। लोगों का कहना है कि एंबुलेंस भी अस्पताल के अंदर तक नहीं पहुंच पा रही है, जिससे गम्भीर मरीजों को दिक्कत हो रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की अधीक्षक डॉ प्राची पाल ने बताया कि जलभराव की सूचना नगर पंचायत डासना के अधिशासी अधिकारी को दे दी गई है। अधीशासी अधिकारी ने बताया कि करीब डेढ़ से दो घंटे के भीतर पानी निकासी की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया है। वहीं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी महेश प्रताप श्रीवास्तव ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए टीम मौके पर लगी हुई है। उन्होंने कहा कि जहां नालों का निर्माण नहीं हुआ है, वहां कार्य कराया जा रहा है। उनके अनुसार सम्बंधित सड़क और नाला लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाया गया था, जबकि समुचित जलनिकासी व्यवस्था नहीं होने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। स्थानीय लोगों ने स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि हर बारिश में अस्पताल जलमग्न होने की समस्या से छुटकारा मिल सके। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डासना में शुक्रवार को भी परिसर में पानी भरा रहा, जहां ईलाज के लिए आने वाले मरीजों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डासना की अधीक्षक डाॅ प्राची पाल ने बताया कि स्वास्थय केंद्र मुख्य सड़क से नीचा है इसलिए थोड़ी बरसात में ही पानी भर जाता है, जबकि शनिवार शाम से नगर पंचायत डासना के द्वारा सीएचसी में भरे पानी को टेंकर में भरकर बाहर नाले में छोड़ा जा रहा है मगर अभी भी पानी पूरी तरह नहीं निकल सका है। नगर पंचायत के अधीशासी अधिकारी महेश प्रताप श्रीवास्तव ने बताया कि पम्पिंग सैट लगवाकर पानी की निकासी कराई जा रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 10, 2026, 17:23 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


गाजियाबाद में जलनिकासी फेल: 24 घंटे बाद भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलमग्न, भरा तीन फीट पानी; मरीज परेशान #SubahSamachar