गुरुग्राम: झाड़सा कट के पास ट्रक की टक्कर लगने से डाक कांवड़िया घायल, कांवड़ भी हुई खंडित
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सेक्टर-40 थाना क्षेत्र में झाड़सा कट के पास सोमवार की सुबह करीब 3.15 बजे ट्रक ने डाक कांवड़ लेकर आ रहे एक कांवड़िये को टक्कर मार दी। हादसे में एक कांवड़िया श्रीकांत प्रजापति निवासी अलवर (राजस्थान) घायल हो गया और डाक कांवड़ भी खंडित हो गई। हादसे के बाद साथी कांवड़ियों ने आक्रोशित होकर दिल्ली-जयपुर हाईवे पर हंगामा शुरू कर दिया और पत्थरों से ट्रक के शीशे भी तोड़ दिए। हादसे की सूचना मिलते ही सेक्टर-40 थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और गुस्साए कांवड़ियों को समझा-बुझाकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक वीरेंद्र सिंह को काबू किया और ट्रक को भी कब्जे में लिया। हादसे में घायल श्रीकांत प्रजापति को पास के अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन व साथी घायल काे अलवर के अस्पताल के लिए रेफर करा ले गए। घायल श्रीकांत के भाई बलबीर प्रजापति की शिकायत के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ सेक्टर-40 थाने में संंबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की छानबीन हेड कांस्टेबल विनय कर रहे हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 10, 2026, 20:20 IST
गुरुग्राम: झाड़सा कट के पास ट्रक की टक्कर लगने से डाक कांवड़िया घायल, कांवड़ भी हुई खंडित #SubahSamachar
