ग्रेटर नोएडा: गैस संकट से अदालत परिसर के होटल बंद, वकील-फरियादी परेशान; चाय तक के लिए भटक रहे लोग
ग्रेटर नोएडा। ईरान-इजराइल-अमेरिका के बीच जारी युद्ध के कारण भारत में हुई गैस की किल्लत ने सूरजपुर स्थित जिला अदालत परिसर में चाय की ठेली लगाने वाले दुकानदारों और अधिवक्ताओं के जीवन को भी प्रभावित किया है। गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित होने के कारण यहां संचालित कई छोटे-बड़े होटल और चाय की दुकानों को बंद करना पड़ा है। इसका सीधा असर अदालत में आने वाले वकीलों और फरियादियों पर पड़ रहा है, जिन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। अदालत परिसर में रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोग अपने मामलों की पैरवी और सुनवाई के लिए पहुंचते हैं। लेकिन होटल बंद होने से उन्हें चाय-नाश्ते के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। जो कुछ दुकानें खुली हैं, वहां भी सीमित संसाधनों के चलते मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। पहले 10 रुपये में मिलने वाली चाय अब 20 रुपये में दी जा रही है, जिससे लोगों में नाराजगी है। वकीलों का कहना है कि लंबी सुनवाई के दौरान चाय-पानी की सुविधा बेहद जरूरी होती है, लेकिन वर्तमान स्थिति में यह भी मुश्किल हो गया है। वहीं चाय विक्रेताओं का कहना है कि बड़ी मुश्किल से सिलेंडर का इंतजाम हो पा रहा है। गैस महंगी मिलने के कारण चाय के दाम बढ़ाने पड़े हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 23, 2026, 12:12 IST
ग्रेटर नोएडा: गैस संकट से अदालत परिसर के होटल बंद, वकील-फरियादी परेशान; चाय तक के लिए भटक रहे लोग #SubahSamachar
