फतेहाबाद के रतिया में संदिग्ध परिस्थितियों में हलवाई की मौत, नहर के पास बेहोशी की हालत में मिला शव
रतिया के निकटवर्ती गांव हमजापुर में एक 40 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गोरा के रूप में हुई है, जो पेशे से हलवाई का काम करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गोरा शनिवार शाम को अपना काम खत्म करके घर लौट रहा था। शाम करीब 7:30 बजे परिजनों को सूचना मिली कि वह रतिया की छोटी नहर के पास बेसुध पड़ा हुआ है। मृतक के भाई मंगा ने बताया कि उनके परिचित बग्गा के पास फोन आया था कि गोरा नहर के पास बेहोश है। बग्गा ने तुरंत इसकी जानकारी परिवार को दी। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर पहले एक निजी अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद उसे रतिया के नागरिक अस्पताल (सरकारी अस्पताल) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।गोरा के साथ काम करने वाले राजकुमार ने बताया कि गोरा शाम करीब 6:30 बजे उसके पास से काम निपटाकर घर के लिए निकला था। उसके महज एक घंटे बाद ही उसकी मौत की खबर आ गई, जिससे साथी कर्मचारी भी स्तब्ध हैं। मृतक गोरा शादीशुदा था और अपने पीछे दो बच्चे छोड़ गया है। इस अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर है। पलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 07, 2026, 11:42 IST
फतेहाबाद के रतिया में संदिग्ध परिस्थितियों में हलवाई की मौत, नहर के पास बेहोशी की हालत में मिला शव #SubahSamachar
