Una: मां चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेककर सचित कालिया ने संभाला थाना प्रभारी का कार्यभार
शक्तिपीठ श्री चिंतपूर्णी मंदिर में नव नियुक्त थाना प्रभारी सचित कालिया ने रविवार को मां चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने औपचारिक रूप से थाना चिंतपूर्णी का कार्यभार संभाल लिया। इस अवसर पर ट्रैफिक इंचार्ज दीपक राणा और एएसआई राजेश कुमार भी मौजूद रहे। थाना प्रभारी ने मंदिर में क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और बेहतर कानून व्यवस्था की कामना की। कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से बातचीत में सचित कालिया ने कहा कि चिंतपूर्णी क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी और नशा माफिया के खिलाफ पुलिस का अभियान पहले की तरह सख्ती से जारी रहेगा तथा ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस जनजागरूकता अभियान भी चलाएगी, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके। थाना प्रभारी ने बताया कि चिंतपूर्णी आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा। विशेषकर भीड़भाड़ वाले दिनों में यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त प्रबंध किए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सचित कालिया ने क्षेत्रवासियों से पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि आम लोगों की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चिंतपूर्णी क्षेत्र को अपराध और नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 28, 2026, 11:06 IST
Una: मां चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेककर सचित कालिया ने संभाला थाना प्रभारी का कार्यभार #SubahSamachar
