Chamoli: लोल्टी में आयोजित जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम में दर्ज हुईं 113 शिकायतें
बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज लोल्टी में आयोजित जन-जन की सरकार आपके द्वार बहुददेशशीय शिविर में 113 शिकायतें दर्ज की गई। 65 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया और शेष को संबधित विभाग को कार्यवाही के लिए कहा गया। शिविर में अधिकतर शिकायतें जल जीवन मिशन, एनपीसीसी, पीएमजीएसवाई, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग से संबधित थी। उपजिलाधिकारी थराली पंकज भटट की अध्यक्षता में आयोजित जन-जन की सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में फरियादियों ने जल जीवन मिशन में जल संस्थान और जल निगम की लापरवाही और भष्ट्राचार की शिकायत की। काखड़ा के प्रधान मनवर नेगी और पूर्व प्रधान भगत सिंह ने कहा कि गांव में केवल दस कनेक्शन लगे हैं और उनमें भी एक बूंद पानी नहीं आ रहा है लेकिन ऑनलाइन में 78 कनेक्शन दर्ज हैं। जिस पर एसडीएम और बीडीओ ने जांच की बात कही। ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित ने कहा कि नंदा राजजात में जिस प्रकार से घटिया गुणवत्ता से दीवारों और वायरक्रेट निर्माण का कार्य हो रहा है वह सरासर धन का दुरूपयोग है। देवराड़ा के केदार पंत ने सिद्धपीठ देवराड़ा सड़क का निर्माण न होने, ग्वालदम की प्रधान हेमलता गड़िया ने बीस साल बाद भी खंपाधार-चिडंगा मोटर मार्ग पर डामरीकरण नहीं होने की शिकायत की। एनपीसीसी द्वारा आपदा के बाद से अभी तक सड़कों का मलबा नहीं हटाने का मामला भी उठाया गया। शिविर में बीस विभागों और स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल लगाये गये।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 18, 2026, 20:37 IST
Chamoli: लोल्टी में आयोजित जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम में दर्ज हुईं 113 शिकायतें #SubahSamachar
