कुरुक्षेत्र में यौन उत्पीड़न अधिनियम 2013 विषय पर आयोजित कार्यशाला में पहुंची चेयरपर्सन
महिलाओं को कानून का गलत फायदा नहीं उठाना चाहिए। जो महिलाएं ऐसा करती है उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। राज्य महिला आयोग के पास झूठी शिकायत करने वाली ऐसी 10 महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन महिलाओं द्वारा लगाए गए आरोप जांच में झूठे पाए गए। यह कहना है राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणू भाटिया का। वे शुक्रवार को पंचायत भवन में महिला एवं बाल विकास विभाग कुरुक्षेत्र द्वारा आयोजित कार्य स्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीडऩ अधिनियम 2013 विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला में पहुंची थी। उन्होंने कहा कि कार्यालय में गठित कमेटियां यौन उत्पीडऩ से संबंधित मामले की जांच को निष्पक्षता और समयबद्घ तरीके से करें उन्होंने कहा कि हर कार्यालय में गठित कमेटी की पूरी जानकारी डिस्प्ले पर लगाई जानी चाहिए, इसमें चेयरमैन व अन्य सदस्यों की फोन नंबरों सहित सूची लगी होनी चाहिए। जब कार्यालय में कमेटी की जानकारी होगी तो किसी भी प्रकार की यौन संबंधी घटना होने पर पीडि़त शिकायत दे सकेंगी। जब तक महिला को कमेटी की जानकारी नहीं होती तब उन्हें शिकायत देने के बारे में भी नहीं पता होगा। उन्होंने कहा कि कमेटी द्वारा हर महीने एक बार बैठक करनी जरुरी है। इस बैठक में पॉश, बाल विवाह, पोस्को, लेबर लॉ सहित अन्य संबंधित विषयों पर चर्चा होनी चाहिए। इस दौरान किसी भी प्रकार की दिक्कत व परेशानी को दूर करने पर भी चर्चा को शामिल किया जाए। प्रदेश के जिस कार्यालयों की कमेटी अच्छा काम करेगी, उस कमेटी को मुख्यमंत्री से सम्मानित करवाया जाएगा। महिला आयोग के पास बढ़ रहे एनआरआई के मामले, 13 लोगों को विदेश से बुलाया रेनू भाटिया ने कहा कि इस समय आयोग के पास आने वाले मुददों में एनआरआई के विषय काफी गंभीरता के साथ बढ़ते जा रहे हैं। मौजूदा समय में 41 मामलों को सुनवाई के लिए रखा हुआ है। अब तक आयोग द्वारा 13 पुरुषों को विदेश से वापस बुलाया गया है, जो अपनी पत्नियों को छोडकऱ डंकी रुट व अन्य माध्यमों से विदेशों में गए थे और वहां पर जाने के बाद अपनी पत्नी को भूलने लगे थे। इन्होंने भी दी अहम जानकारी कार्यशाला में हिस्सा लेने वाली महिलाओं, अधिकारियों, कर्मचारियों को एडवोकेट रितु कपूर व डाॅ.बीआर आंबेडकर नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की कंट्रोलर एग्जामिनेशन डाॅ.बलविंद्र कौर ने महिलाओं के यौन उत्पीडऩ अधिनियम 2013 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी बलजीत कौर ने व जिला राजस्व अधिकारी चेतना चौधरी, सीईओ वीरेंद्र चौधरी ने भी संबोधन किया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 06, 2026, 09:05 IST
कुरुक्षेत्र में यौन उत्पीड़न अधिनियम 2013 विषय पर आयोजित कार्यशाला में पहुंची चेयरपर्सन #SubahSamachar
