CG News: गौरेला में सोशल मीडिया पर अश्लील टिप्पणियों और धमकियों का मामला, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

सोशल मीडिया के बढ़ते दुरुपयोग का एक और मामला गौरेला थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां रहने वाली पीड़िता ने थाना गौरेला में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उसे फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से लगातार अशोभनीय संदेश, टिप्पणियां व धमकियों से प्रताड़ित किया जा रहा है। आवेदिका द्वारा प्रस्तुत आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया अपराध पाते हुए आरोपी प्रमोद पाटिल के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।। पीड़िता ने गौरेला पुलिस को बताया कि वर्ष 2021 में उसके पति एवं आरोपी प्रमोद पाटिल दोनों नागपुर रेलवे स्टेशन डिवीजन, महाराष्ट्र में पदस्थ थे। पदस्थापना के दौरान घर–परिवार के स्तर पर आपसी परिचय होने के कारण उनके बीच सामान्य बातचीत और आवागमन बना रहा। इसी दौरान आरोपी ने उसके पति का मोबाइल नंबर भी ले लिया था। कुछ समय बाद पीड़िता के अनुसार प्रमोद पाटिल का व्यवहार संदिग्ध होने लगा और वह उसे गलत नजर से देखते हुए अभद्र बातें करने लगा। पीड़िता ने आरोपी को स्पष्ट रूप से मना करते हुए बताया कि वह एक विवाहित महिला है तथा ऐसे किसी भी संबंध में उसकी कोई रुचि नहीं है। इसके बावजूद आरोपी ने अपने आचरण में सुधार नहीं किया। आवेदिका का कहना है कि उसके पति द्वारा कई बार फोन पर समझाइश देने के बाद भी आरोपी ने गाली-गलौज करना, धमकी देना व अनुचित भाषा का प्रयोग जारी रखा। स्थिति तब गंभीर हो गई जब आरोपी ने इंस्टाग्राम पर उसके वीडियो पर अत्यंत आपत्तिजनक, अश्लील टिप्पणियां पोस्ट करनी शुरू कर दीं। इतना ही नहीं, आरोपी उसके फॉलोअर्स को टैग कर उसकी छवि धूमिल करने की नीयत से अभद्र संदेश भेजता रहा। पीड़िता ने बताया कि टिप्पणी की जानकारी उसे उसकी सहेली ने दी, जिसने आरोपी की ओर से भेजी गई अश्लील पोस्ट को देखकर उसे मामला दर्ज कराने की सलाह दी। आरोपी का अकाउंट ब्लॉक किए जाने के बाद भी प्रमोद पाटिल ने उसके मित्रों की आईडी पर उसकी वीडियो भेजकर गाली-गलौज की और उसे बदनाम करने का प्रयास किया। वही थाना गौरेला प्रभारी सौरभ सिंह के अनुसार प्रस्तुत आवेदन की जांच में प्रथम दृष्टया सोशल मीडिया के दुरुपयोग, अश्लील टिप्पणी, मानहानि एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के साक्ष्य पाए गए, जिसके आधार पर मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस अब तकनीकी तथ्यों, सोशल मीडिया लिंक, चैट एवं पोस्ट की जांच कर रही है। मामले की विवेचना जारी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 30, 2025, 12:21 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


CG News: गौरेला में सोशल मीडिया पर अश्लील टिप्पणियों और धमकियों का मामला, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज #SubahSamachar