रेवाड़ी: कैप्टन अजय सिंह यादव ने हंस नगर हादसा स्थल का किया निरीक्षण, टांकड़ी पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को बंधाया ढांढस

संवाद न्यूज एजेंसी रेवाड़ी। हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कैप्टन अजय सिंह यादव ने मंगलवार को रेवाड़ी के हंस नगर में हुए भीषण विस्फोट के दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने आसपास के लोगों से बातचीत कर हादसे के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। मौके से ही कैप्टन अजय सिंह यादव ने रेवाड़ी के जिला उपायुक्त से दूरभाष पर बात कर हादसे की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना में सेवानिवृत्त सूबेदार सतबीर चौहान और उनकी पुत्री तनु चौहान की असामयिक मृत्यु पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। सरकार को पीड़ित परिवार को पर्याप्त आर्थिक सहायता एवं हरसंभव सहयोग तत्काल उपलब्ध कराना चाहिए। इसके बाद कैप्टन अजय सिंह यादव गांव टांकड़ी पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि इस हादसे के वास्तविक कारणों का शीघ्र पता लगाया जाना चाहिए। यदि गैस पाइपलाइन, गैस आपूर्ति व्यवस्था या किसी अन्य तकनीकी लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई है तो दोषी व्यक्तियों एवं संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जहां-जहां गैस पाइपलाइन या ऐसी अन्य व्यवस्थाएं संचालित हैं, वहां समय-समय पर सुरक्षा जांच, तकनीकी ऑडिट और रखरखाव सुनिश्चित किया जाना चाहिए। लोगों की जान की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 14, 2026, 16:59 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


रेवाड़ी: कैप्टन अजय सिंह यादव ने हंस नगर हादसा स्थल का किया निरीक्षण, #SubahSamachar