नरवाना में सिरसा ब्रांच नहर से जेठ-बहू के शव बरामद, 26 जून से थे लापता

उचाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए जेठ-बहू के शव सोमवार को गांव बड़ौदा के पास सिरसा ब्रांच नहर से बरामद हुए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल नरवाना पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, संगतपुरा (जिला कैथल) निवासी चंद्रभान ने शिकायत दी थी कि उसकी 21 वर्षीय भतीजी सलिता, जो गांव पालवां निवासी कप्तान की पत्नी थी, 26 जून की रात अपने जेठ राहुल के साथ डिजायर कार में चंडीगढ़ गई थी। इसके बाद दोनों वापस नहीं लौटे। 3 जुलाई को सलिता के पति कप्तान ने परिजनों को राहुल की लोकेशन भेजकर नरवाना पहुंचने को कहा। परिजन बताए गए स्थान पर पहुंचे तो सिरसा ब्रांच नहर की पटरी पर राहुल की डिजायर कार खड़ी मिली। कार स्टार्ट अवस्था में थी और उसका पिछला शीशा टूटा हुआ था। नहर किनारे राहुल और सलिता की चप्पलें भी मिलीं। सूचना पर डायल-112, सदर थाना नरवाना और उचाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। उस समय यह स्पष्ट नहीं हो सका था कि दोनों ने नहर में छलांग लगाई थी या मामला किसी अन्य साजिश से जुड़ा था। सोमवार को गांव बड़ौदा के पास नहर से दोनों के शव बरामद होने पर पुलिस ने उन्हें पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल नरवाना भिजवाया। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद और जेठ-बहू के प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 06, 2026, 14:02 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


नरवाना में सिरसा ब्रांच नहर से जेठ-बहू के शव बरामद, 26 जून से थे लापता #SubahSamachar