भीमताल देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष ने शुरु किया अनशन
भीमताल देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप पांडे ने बृहस्पतिवार को क्षेत्र के चार युवाओं के साथ 15 सूत्री मांगों को लेकर क्रमिक अनशन शुरु किया। पांडे ने कहा कि पूर्व में सीडीओ अरविंद कुमार पांडे के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर 15 सूत्री मांगों का निस्तारण करने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि मांगों के पूरा नहीं होने पर बृहस्पतिवार से क्रमिक अनशन शुरु कर दिया है। पांडे ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा में गौशाला का निर्माण करने, रखरखाव, उत्तराखंड मूल निवासियों के लिए 1950 को आधार मानते हुए विकास प्राधिकरणों में आवास निर्माण का सरलीकरण, मूल निवास प्रमाण पत्र के लिए 1950 को आधार वर्ष मानने, जंगली जानवरों को रोकने के उपाय और गणना करने की मांग की। साथ ही प्राधिकरण पर स्थानीय लोगों के लिए फीस शुल्क माफ करने, बड़े शहरों में व्यवस्थित कार पार्किंग, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, कोल्ड स्टोरेज हाउस की स्थापना, राज्य आंदोलनकारियों को 10 हजार पेंशन, टोल टैक्स, पार्किंग शुल्क में न्यायपालिका, अधिवक्ता और पत्रकारों को छूट देने, रेड़ी, ठेली चलाने वाले छोटे व्यापारियों के लिए निकाय क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही भीमताल स्थित कुमाऊं विश्वविद्यालय के परिसर को दूसरा कैंपस बनाने की मांग की है। पांडे ने कहा कि 19 मार्च तक मांगों का निस्तारण नहीं किया तो 20 से आमरण अनशन किया जाएगा। क्रमिक अनशन में यूकेडी नेता लोकेश वर्मा, कांग्रेसी नेता नीरज कुमार मोनू, गुंजन रौतेला और ललित आर्य बैठे रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 05, 2026, 16:19 IST
भीमताल देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष ने शुरु किया अनशन #SubahSamachar
