भीषण गर्मी में भी रामलला के दरबार में उमड़ रही श्रद्धा, रोज पहुंच रहे 80 हजार तक श्रद्धालु
तपती गर्मी और तेज धूप के बावजूद रामनगरी अयोध्या में आस्था का प्रवाह लगातार बढ़ता जा रहा है। राम मंदिर में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 75 से 80 हजार श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। शनिवार को भी सुबह से देर शाम तक दर्शन मार्ग पर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। शनिवार और रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक देखी जा रही है। दूर-दराज राज्यों से आने वाले श्रद्धालु भीषण गर्मी के बीच घंटों कतार में लगकर रामलला के दर्शन कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। दर्शन पथ पर श्रद्धालुओं के चलने के लिए कारपेट बिछाए गए हैं। गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से इन कारपेटों पर लगातार पानी का छिड़काव भी कराया जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं को तपती जमीन से राहत मिल सके। इसके अलावा दर्शन मार्ग पर जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था की गई है। यात्री दर्शन पथ स्थित यात्री निवास केंद्र पर दोपहर के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु विश्राम करते नजर आए। यहां श्रद्धालुओं के लिए शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं अंगद टीला निकास मार्ग पर श्रद्धालुओं को निशुल्क प्रसाद वितरण भी किया जा रहा है। भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं को निशुल्क ओआरएस वितरित किए जा रहे हैं, जिससे गर्मी और थकान से राहत मिल सके। रामनगरी में उमड़ रही श्रद्धा और भक्तों की आस्था के बीच प्रशासन और ट्रस्ट की व्यवस्थाएं भी लगातार सक्रिय नजर आ रही हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 23, 2026, 11:55 IST
भीषण गर्मी में भी रामलला के दरबार में उमड़ रही श्रद्धा, रोज पहुंच रहे 80 हजार तक श्रद्धालु #SubahSamachar
