बांदा: गांजा बेचने जा रहे अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार

सूखे गांजे की बिक्री के लिए जा रहे पांच अंतरराज्यीय तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास अवैध तमंचा व कारतूस भी बरामद किया गया। कोतवाली पुलिस को गांजा बेचने जा रहे तस्करों की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। कालिंजर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास पुलिस को पांच लोग संदिग्ध हालत में घूमते मिले। पूछताछ के दौरान पुलिस ने तलाशी ली। इस दौरान आरोपियों के पास अवैध तमंचा व कारतूस बरामद हुए। उनकी निशानदेही पर चार पहिया वाहन की डिग्गी की तलाशी ली गई। जिसमें लगभग साढ़े 10 किग्रा सूखा गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों में सतना जनपद के शैलेंद्र, दीपक, बिसंडा थानाक्षेत्र के गड़ाव गांव निवासी बुद्ध विलास, कोतवाली देहात के बडे़हा गांव निवासी महिपत व कमासिन थानाक्षेत्र के खरौली गांव निवासी वीरेंद्र शामिल हैं। इसके साथ ही आरोपियों की चार पहिया वाहन व बाइक भी पुलिस ने जब्त की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार तिवारी, कल्बे अब्बास खान, ललित, नागेश कुमार, सुनील, जितेंद्र, अंकित सिंह शामिल रहे। कोतवाल संदीप तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार लोगों से पूछताछ में सामने आया है कि वह मध्य प्रदेश के सतना से गांजा ला रहे थे। बांदा में इसकी बिक्री की जानी थी। पकड़े गए लोगों के विरुद्ध पहले से जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मुकदमे दर्ज थे। उनकी तलाश लगातार जारी थी। कोतवाल के मुताबिक पकड़े गए माल की कीमत एक लाख रुपये बताई जा रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Dec 03, 2025, 20:20 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


बांदा: गांजा बेचने जा रहे अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार #SubahSamachar