भारी वाहनो के प्रवेश पर लगी थी रोक, ट्रेलर लेकर घुसे चालक और पुलिसकर्मियों में हाथापाई; VIDEO
मऊ के घोसी नगर पंचायत के मझवारा मोड़ पर शुक्रवार की दोपहर ट्रेलर चालक और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों में हाथापाई हो गई। सीएम की मधुबन में चल रहे कार्यक्रम के दौरान घोसी में मधुबन और मझवारा मोड़ से कुछ देर के लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई थी। इस दौरान एक व्यक्ति भरा ट्रेलर लेकर मझवारा मोड़ पर पहुंचा और मझवारा की तरफ जाने लगा। वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने वाहन रोककर न जाने का कारण बताया। लेकिन इसी बात पर दोनों में बहस और गाली गलौज होने लगी। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में ट्रेलर चालक वीडियो बनाने की बात और पुलिसकर्मियों पर उत्पीड़न का आरोप लगा रहा है। एक उपनिरीक्षक और दो सिपाही उसे पकड़कर ई-रिक्शा में बैठाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। एक सिपाही चालक पर मुख्यमंत्री के खिलाफ अमर्यादित शब्दों के प्रयोग का आरोप लगाते सुनाई दे रहे हैं। सड़क पर हंगामा होते देख भीड़ इकट्ठा हो गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर बैठाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। वीडियो और घटनाक्रम की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 29, 2026, 17:49 IST
भारी वाहनो के प्रवेश पर लगी थी रोक, ट्रेलर लेकर घुसे चालक और पुलिसकर्मियों में हाथापाई; VIDEO #SubahSamachar
