पानीपत: लव जेहाद का झांसा देकर किशोरी का अपहरण, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
मॉडल टाउन थाना क्षेत्र की शांतिनगर कॉलोनी में ढाई माह पहले लव जेहाद का झांसा देकर किशोरी का अपहरण के मामले में कार्रवाई न होने पर परिजनों में आक्रोश है। रविवार दोपहर करीब 12 बजे परिजन और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मॉडल टाउन थाने के सामने जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया और थाने के गेट पर पुलिस का पुतला फूंका। परिजनों का कहना है कि वह मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बेटी को बरामद करने की मांग कर चुके हैं। इसके बावजूद भी पुलिस उनकी बेटी का कोई सुराग नहीं लग पाया है। उल्टा पुलिस उनके साथ ही अभद्रता करती है। किशोरी कि मां ने कहा कि यदि उनकी बेटी नहीं मिली तो वह यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर बरामदगी की मांग करेंगे। उधर, एसपी ने परिजनों ने फोन पर बात की और जल्द से जल्द किशोरी को बरामद करने का आश्वासन दिया। उन्होंने मामले की जांच सीआईए को सौंपने के आदेश दिए। कॉलोनी निवासी महिला का कहना है कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के रहने वाले हैं और शांतिनगर में रहकर फैक्टरी में काम करते हैं। उनकी 16 साल की बेटी कक्षा आठ तक पढ़ी है। उनके घर के पास ही करनाल के अलावल गांव निवासी मुस्लिम युवक मैकेनिक की दुकान पर काम करता था। युवक ने खुद को हिंदू बताकर उनकी बेटी को लव जेहाद में फंसा लिया। करीब ढाई माह पहले आरोपी युवक उनकी बेटी को लेकर लापता हो गया। जिसका मुकदमा मॉडल टाउन थाने में दर्ज है। उसी समय से वह बेटी की बरामदगी की मांग कर रहे हैं। लेकिन उनकी बेटी का कोई पता नहीं चल रहा है। रविवार को परिजन बजरंग दल के जिला संयोजक विक्की ने नेतृत्व में बड़ी संख्या में मॉडल टाउन थाने के सामने पहुंचे। आक्रोशित कार्यकर्ताओं और परिजनों ने थाने के सामने जाम लगाकर प्रदर्शन किया और पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। भीड़ ने थाने के गेट पर पुलिस का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। हंगामे की सूचना पर पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी देवेंद्र भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया और फोन पर एसपी से परिजनों की बात कराई। एसपी ने परिजनों का आश्वासन दिया कि इस मामले की जांच सीआईए को सौंपी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर किशोरी को बरामद किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने परिजनों सोमवार को अपने कार्यालय पर मिलने के लिए बुलाया है। इस मौके पर बजरंगदल से जिला सह मंत्री पवन सहगल, बिरजू, सुभाष, विशाल यादव, मोनू, रविंद्र नैन, दुर्गावाहिनी से सीमा और दीपा रहे। यूपी के मुख्यमंत्री योगी से करेंगे शिकायत किशोरी की मां ने कहा कि वह हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर चुके हैं। इसके बाद भी उनकी बेटी का सुराग नहीं लगा। यदि उनकी बेटी बरामद नहीं हुई तो वह यूपी के सीएम योगी से मुलाकात कर बेटी को बरामद करने और न्याय दिलाने की मांग करेंगे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 16, 2025, 17:59 IST
पानीपत: लव जेहाद का झांसा देकर किशोरी का अपहरण, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन #SubahSamachar
