बीस हजार की रिश्वत लेते सहकारी ग्राम विकास बैंक का सहायक गिरफ्तार

एंटी करप्शन की टीम ने उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड के सहायक को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एंटी करप्शन की टीम पिछले कई दिनों से बैंक के आसपास लगी हुई थी। क्षेत्र के गांव मगरौली में किसान कमल सिंह का परिवार रहता है। कमल सिंह ने बताया कि उन्होंने हसनपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक से तीन लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कराया था। इसमें से 1.5 लाख रुपये उनके खाते में पहले ही ट्रांसफर हो चुके थे। शेष 1.5 लाख रुपये जारी करने के लिए बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों के द्वारा उनसे 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। किसान कमल सिंह ने रिश्वत देने में असमर्थता जताई, लेकिन लगातार दबाव बनाए जाने पर उन्होंने एंटी करप्शन टीम, मुरादाबाद को सूचना दी। बृहस्पतिवार की सुबह करीब 11 बजे एंटी करप्शन टीम प्रभारी नवल मारवा के नेतृत्व में टीम बैंक के पास पहुंच गई। इस दौरान टीम ने बैंक के सहायक अनोज कुमार को किसान कमल सिंह से 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने ले जाया गया। आरोपी बैंक कर्मी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि एंटी करप्शन टीम ने सहकारी ग्राम विकास बैंक के कर्मी को बीस हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में कार्रवाई की जा रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 13, 2025, 19:09 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


बीस हजार की रिश्वत लेते सहकारी ग्राम विकास बैंक का सहायक गिरफ्तार #SubahSamachar