संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर डीएम को सौंपा शिकायती पत्र, समाधान की मांग; VIDEO

जिले की चारों तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 298 मामले आए। इसमें 39 का निस्तारण किया गया। अन्य 259 शिकायतों को संबंधित विभाग के अधिकारियों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश के साथ सौंप दिए गए। डीएम बद्रीनाथ सिंह दुद्धी में मौजूद रहे। यहां पेयजल, अतिक्रमण, राजस्व विवाद, पेंशन से जुड़े मामले अधिक आए। संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे अपना दल एस के विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने नमामि गंगे योजना के तहत कार्यदाई संस्था पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। बताया कि अब तक कई गांवों में पानी नहीं पहुंच पाया है। पाइप लाइन भी अधूरी ही बिछी है। गर्मी का दौर शुरू हो चुका है। ऐसे में पानी का संकट बढ़ता जा रहा है। दुद्धी के सूरज गुप्ता ने रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत की। बीड़र से आए लालचंद ने बताया कि दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने की सूचना दी गई थी, लेकिन अब तक संबंधित अधिकारियों के न आने से प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा। डीएम बद्रीनाथ सिंह ने सभी मामलों की गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को कार्रवाई का निर्देश दिया। यहां कुल 61 प्रार्थना पत्र आए। इसमें छह का निस्तारण हुआ। इस मौके पर एसपी अभिषेक वर्मा, सीएमओ डॉ. पीके राय, डीडीओ हेमंत कुमार सिंह, परियोजना अधिकारी डूडा सुधांशु शेखर शर्मा, डीसी मनरेगा रवींद्र वीर सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं राॅबर्ट्सगंज तहसील में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट उत्कर्ष द्विवेदी की अध्यक्षता में सुनवाई हुई। कुल 120 शिकायतों में 20 मामले मौके पर निस्तारित किए गए। बाकी 100 प्रकरणों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। यहां तहसीलदार अमित सिंह, सीओ सिटी रणधीर मिश्र आदि मौजूद रहे। घोरावल में एसडीएम आशीष कुमार त्रिपाठी ने 70 शिकायतों में 05 मामलों का तत्काल निस्तारण कराया। बाकी 65 प्रकरणों को समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। ओबरा: एडीएम वागीश कुमार शुक्ला ने 47 शिकायतों में 03 मामले मौके पर निस्तारित किए, शेष 44 मामलों का निस्तारण समयबद्ध करने के निर्देश दिए।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 04, 2026, 19:34 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर डीएम को सौंपा शिकायती पत्र, समाधान की मांग; VIDEO #SubahSamachar