गुरुहरसहाए में सैन्य जवान सुखविंदर का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
फिरोजपुर के गुरुहरसहाय के गांव मेघा पंज गिराईं हिठाड़ में सेना के जवान सुखविंदर सिंह (28) का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उक्त जवान पठानकोट में तैनात था। परिजनों ने बताया कि सुखविंदर सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह पिछले करीब 10 वर्षों से सेना में सेवा दे रहे थे और वर्तमान में पठानकोट स्थित 103 इंजीनियर बटालियन में तैनात थे। मौत के बाद सिविल अस्पताल फाजिल्का में पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें दिल का दौरा पड़ने से मौत की पुष्टि हुई। सुखविंदर के परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, भाई और बहन हैं। पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। फिरोजपुर से 113 इंजीनियर बटालियन के 15 जवानों का दस्ता श्रद्धांजलि देने पहुंचा जिसकी अगुवाई नायब सूबेदार गुरपाल सिंह, हवलदार साहिब सिंह और एक जेसीओ ने की। सेना के जवानों ने हवाई फायर कर अंतिम सलामी दी और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों व सामाजिक-राजनीतिक प्रतिनिधियों ने पहुंचकर परिवार के साथ दुख सांझा किया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 15, 2026, 17:07 IST
गुरुहरसहाए में सैन्य जवान सुखविंदर का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार #SubahSamachar
